Delhi News: टिकट न मिलने से नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने किया उग्र प्रदर्शन
Delhi News: मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा से टिकट नहीं मिलने के विरोध में उनके समर्थकों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी हुई, जिसमें आठ पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। प्रशासन ने जाम समाप्त करने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने।

Delhi News: मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को आगामी दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा से टिकट न मिलने के विरोध में उनके समर्थकों ने शनिवार को जमकर हंगामा काटा। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को लगभग 12 घंटे तक जाम करने के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की। इस हमले में आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए और चार जिलों में यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ। दतिया के जिलाधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि शुक्रवार शाम शुरू हुआ जाम शनिवार सुबह करीब पांच बजे तक जारी रहा। इसके हाईवे पर 20-25 किलोमीटर तक यातायात प्रभावित हुआ। इसका असर दतिया, झांसी, शिवपुरी और ग्वालियर जिले में देखने को मिला। कई बसें और एम्बुलेंस जाम में फंसी रहीं। प्रशासन ने पूरी रात प्रदर्शनकारियों से जाम समाप्त करने की अपील की, लेकिन वे सुनने को तैयार नहीं थे। सुबह करीब चार बजे बल का इस्तेमाल हुआ तो उनकी तरफ से पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद सुरक्षा बलों ने राजमार्ग से जाम हटाया और कुछ प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। सत्तारूढ़ भाजपा ने शुक्रवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार घोषित किया था, जिसके बाद मिश्रा के समर्थकों में नाराजगी फैल गई。
मिश्रा ने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था
आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने से पूर्व मंत्री मिश्रा को झटका लगा है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि मिश्रा को टिकट मिलने की उम्मीद थी और उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था। मालूम हो कि कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती ने 2023 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7500 से अधिक मतों से पराजित किया था। हालांकि, दिल्ली की एक अदालत ने इस वर्ष अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी जिसके बाद वह विधायक के रूप में अयोग्य हो गए और दतिया सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया।
एसपी-एएसपी भी घायल
पुलिस के अनुसार करीब तीन हजार प्रदर्शनकारियों के हमले में आठ जवानों को गंभीर चोटें आईं। इनमें एसपी और एएसपी भी शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियां पलट दीं और उनकी खिड़कियां तोड़ दीं। डीएम ने कहा कि बड़े पैमाने पर हिंसा के बावजूद पुलिस ने न तो लाठीचार्ज किया और न ही जवाबी पत्थरबाजी की। इसके बावजूद जब वे नहीं माने, तो पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
---------------
कोट-
टिकट घोषित होने के बाद उसे बदलने की भाजपा में कोई परंपरा नहीं रही है।भाजपा में लोकतंत्र है। पार्टी कार्यकर्ता अपनी अभिव्यक्ति करते हैं, लेकिन वे इतने अनुशासित हैं कि एक बार उनसे बैठकर बात कर ली जाएगी, तो सब मान जाएंगे और आशुतोष तिवारी भारी मतों से जीतेंगे। मैं अभी से इसकी भविष्यवाणी करता हूं।
-कैलाश विजयवर्गीय, काबीना मंत्री, मध्य प्रदेश
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


