Delhi News: सीएनजी वाहन मालिकों पर पड़ा 4 करोड़ रुपये प्रतिमाह का अतिरिक्त भार

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

Delhi News: -इस बढ़ोत्तरी के चलते ऑटो-टैक्सी ने दो दिवसीय हड़ताल की घोषणा की, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र नई दिल्ली प्रमुख संवाददाताराजधानी में सीएनजी की कीमतों में हुई बढ़ोत्तरी को लेकर लोगों के बीच खासी नाराजगी...

Delhi News:  सीएनजी वाहन मालिकों पर पड़ा 4 करोड़ रुपये प्रतिमाह का अतिरिक्त भार

Delhi News: राजधानी में सीएनजी की कीमतों में हुई बढ़ोत्तरी को लेकर लोगों के बीच खासी नाराजगी देखने को मिल रही है। बीते मई माह से अभी तक यह पांचवीं बार वृद्धि की गई है। इस वर्ष सीएनजी की कीमत बीते अप्रैल माह के मुकाबले 14 फीसदी तक बढ़ चुकी है। शनिवार से हुई बढ़ोत्तरी के चलते सीएनजी वाहन चालकों पर औसतन 200 से 300 रुपये प्रतिमाह का खर्च बढ़ा है। लेकिन दिल्ली में पंजीकृत 20 लाख से अधिक सीएनजी वाहनों का खर्च जोड़े तो 4 करोड़ रुपये प्रतिमाह से अधिक का भार सीएनजी वाहन मालिकों पर पड़ा है.

सीएनजी की बढ़ती कीमतों का प्रभाव

मोती बाग में रहने वाले अक्षित ने बताया कि वह नोएडा फिल्म सिटी में नौकरी करते हैं। प्रतिदिन उनकी गाड़ी लगभग 45 किलोमीटर चलती है। बीते अप्रैल माह तक प्रतिमाह उनकी गाड़ी में सीएनजी का खर्च 4 हजार रुपये आता था। मई महीने में सीएनजी कीमतों में चार बार वृद्धि की गई थी जिसके चलते उनकी गाड़ी में सीएनजी का खर्च प्रतिमाह 4500 रुपये हो गया था। अब शनिवार को हुई सीएनजी कीमतों में वृद्धि से उनकी गाड़ी पर प्रतिमाह 200 से 250 रुपये का खर्च अधिक हो जाएगा। इस तरह बीते चार माह में ही उनकी गाड़ी में प्रतिमाह का सीएनजी खर्च लगभग 750 रुपये बढ़ गया है.

वाहनों के चालकों का रोष

सीएनजी की कीमतों में हो रही लगातार वृद्धि से न केवल दिल्ली के वाहन चालकों में नाराजगी है बल्कि ऑटो-टैक्सी, कैब, स्कूल वैन, माल ढुलाई के वाहन आदि चालकों में भी रोष है। उनका कहना है कि सरकार द्वारा बार-बार सीएनजी की कीमतें बढ़ाई जा रही है जिसके चलते उन पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। लेकिन ऑटो-टैक्सी, कैब या माल ढुलाई के वाहनों में किराया नहीं बढ़ रहा है। राजधानी में ऑटो-टैक्सी का किराया बढ़ाने का अधिकार सरकार के पास है। इसलिए उन्होंने सरकार से किराया बढ़ाने का अनुरोध किया है। किराया नहीं बढ़ने पर उन्होंने आगामी 7 और 8 सितंबर को दिल्ली में ऑटो-टैक्सी की हड़़ताल करने की चेतावनी भी दी है.

सीएनजी कीमत के आंकड़े

सीएनजी कीमतअप्रैल 2026- 76.59 रुपये प्रति किलोमई 2026- 77.09 रुपये प्रति किलो15 मई 2026- 79.09 रुपये प्रति किलो17 मई 2026- 80.09 रुपये प्रति किलो26 मई 2026- 83.09 रुपये प्रति किलो29 अगस्त 2026- 86.97 रुपये प्रति किलो

सड़क स्थिति और परेशानियां

दिल्ली में एक तो सीएनजी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और दूसरी तरफ रोजाना यहां जाम का सामना करना पड़ता है। इसके चलते सीएनजी की खपत भी ज्यादा होती है। उस पर बार बार सीएनजी का दाम बढ़ाकर सरकार आम लोगों पर बोझ डाल रही है। जब से गाड़ी ली है, 10 रुपये से ज्यादा की बढ़ोत्तरी सीएनजी के दाम में हो चुकी है.

-- सुशांत, निजी कार सवार

आज अचानक करीब चार रुपये बढ़ने से बड़ा झटका लगा है। बीते मई माह में हुई बढ़ोतरी से ही लोगों को बड़ा झटका लगा था, ऐसे में फिर से दाम बढ़ाकर ऑटो चालकों पर अतिरिक्त बोझ डाला गया है। 10 रुपये दाम बढ़ने के बावजूद ग्राहक पुराने किराये पर ही जाना चाहते हैं, थोड़ा किराया बढ़ाने पर यात्री ऑटो छोड़ देते हैं.

-- महेश यादव, ऑटो चालक

मैं जैतपुर में रहता हूं और सब्जी, फर्नीचर या फल की डिलीवरी के लिए पूरे साल छोटे-बड़े कारोबारियों के साथ काम करता हूं। दाम बढ़ाने पर कारोबारी नाराज हो जाते हैं। 10 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी हो चुकी है, लेकिन माल ढुलाई का किराया नहीं बढ़ रहा है.

-- प्रमोद, छोटा हाथी चालक

मुझे डर है कि हर दो महीने पर ऐसे ही 4-5 रुपये बढ़ते रहे तो कहीं गाड़ी खड़ी न करनी पड़े जाए। सरकार को सोचना चाहिए कि 4-5 रुपये एक दिन में बढ़ा देने से आम आदमी पर क्या असर होगा.

-- शिव, मालवाहक टेंपो चालक

आंदोलन की दिशा

उपराज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

सीएनजी की बढ़ती कीमतों को लेकर ऑल दिल्ली ऑटो टैक्सी ट्रांसपोर्ट कांग्रेस यूनियन तथा ऑटो टैक्सी ट्रांसपोर्ट कांग्रेस प्रकोष्ठ(दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी) ने दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल का आह्वान किया है। संगठन द्वारा इस संबंध में उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री, परिवहन आयुक्त तथा दिल्ली पुलिस आयुक्त को सूचना पत्र भेजा गया है। संगठन ने कहा कि लंबे समय से ऑटो-टैक्सी चालक लगातार बढ़ती महंगाई, सीएनजी की कीमतों में भारी वृद्धि, बढ़ते वाहन रखरखाव एवं बीमा खर्च, किराए में उचित वृद्धि न होने, एग्रीगेटर कंपनियों की कथित मनमानी तथा विभिन्न प्रशासनिक एवं विभागीय समस्याओं का सामना कर रहे हैं.

यदि समय रहते संवाद और समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की जाती है, तो 7 एवं 8 सितंबर 2026 को दिल्ली एवं एनसीआर के ऑटो-टैक्सी चालक शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल के माध्यम से अपनी आवाज सरकार एवं प्रशासन तक पहुंचाने के लिए बाध्य होंगे.

किशन वर्मा, अध्यक्ष, ऑल दिल्ली ऑटो टैक्सी ट्रांसपोर्ट कांग्रेस यूनियन

आवश्यक वस्तुओं की कीमत बढ़ने की संभावना

सीएनजी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी से आने वाले दिनों में आम आदमी पर सीधा महंगाई का बोझ पड़ेगा। यह कहना है ऑल इंडिया मोटर एंड गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र कपूर का। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की परिवहन लागत बढ़ने से इनकी कीमतें भी बढ़ सकती हैं। सीएनजी की कीमत बढ़ने का असर केवल ट्रांसपोर्टर तक सीमित नहीं रहेगा। माल ढुलाई की लागत बढ़ने के साथ फल-सब्जियां, खाद्यान्न, दूध, किराना, दवाइयां तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई चेन पर इसका प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष प्रभाव पड़ेगा। अंततः बढ़ी हुई परिवहन लागत उपभोक्ता तक पहुंचेगी और महंगाई का अतिरिक्त बोझ आम परिवारों को उठाना पड़ेगा.

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

सीएनजी की कीमतें कब से बढ़ रही हैं?
सीएनजी की कीमतें मई माह से लगातार बढ़ रही हैं।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsएनसीआर Newsनई दिल्लीDelhi News: सीएनजी वाहन मालिकों पर पड़ा 4 करोड़ रुपये प्रतिमाह का अतिरिक्त भार