ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नई दिल्लीराष्ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू पांच जुलाई को त्रिपुरा जाएंगी

राष्ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू पांच जुलाई को त्रिपुरा जाएंगी

राष्ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू पांच जुलाई को त्रिपुरा जाएंगी अगरतला, एजेंसी। राष्ट्रपति...

राष्ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू पांच जुलाई को त्रिपुरा जाएंगी
हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीSun, 03 Jul 2022 05:30 PM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रपति चुनाव :

द्रौपदी मुर्मू पांच जुलाई को त्रिपुरा जाएंगी

अगरतला, एजेंसी। राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू समर्थन जुटाने के लिए पांच जुलाई को त्रिपुरा का दौरा करेंगी।

विधानसभा अध्यक्ष रतन चक्रवर्ती ने रविवार को बताया कि द्रौपदी मुर्मू पांच जुलाई को प्रचार अभियान के तहत त्रिपुरा पहुंचेंगी। वह यहां राज्य के विधायकों एवं सांसदों से मुलाकात करेंगी। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए संसद सचिवालय का एक दल 16 या 17 जुलाई तक पहुंच जाएगा।

त्रिपुरा में सत्तारूढ़ भाजपा के 36 विधायक हैं, जबकि उसकी सहयोगी ‘इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा के सात विधायक हैं। राज्य से भाजपा के दो लोकसभा सदस्य और एक राज्यसभा सदस्य माणिक साहा हैं, जो मौजूदा मुख्यमंत्री हैं। हाल में हुए उपचुनाव में जीत हासिल करने वाले साहा ने अभी तक विधायक के रूप में शपथ नहीं ली है। 60 सदस्यीय विधानसभा में माकपा के विधायकों की संख्या 15 और कांग्रेस के पास एक विधायक है।

मुर्मू वादा करें कि वह नाममात्र की राष्ट्रपति नहीं होंगी : यशवंत सिन्हा

बेंगलुरु। राष्ट्रपति पद के लिए विपक्षी दलों के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने रविवार को एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मूर्मु से यह वादा करने का आग्रह किया कि यदि वह जीतीं तो ‘नाममात्र की (रबड़ स्टैम्प) राष्ट्रपति नहीं होंगी।

यशवंत सिन्हा ने कहा कि यदि मैं निर्वाचित होता हूं, तो मैं केवल संविधान के प्रति जवाबदेह बनूंगा। जब भी कार्यपालिका या अन्य संस्थाएं संवैधानिक नियंत्रण एवं संतुलन को नुकसान पहुंचाएंगी, तो मैं बिना किसी भय या पक्षपात के और ईमानदारी से अपने अधिकार का इस्तेमाल करूंगा। उन्होंने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से कहा कि आप भी ऐसा ही वादा करें।

सिन्हा अपने चुनाव प्रचार अभियान के तहत बेंगलुरु में हैं। उन्होंने यहां कांग्रेस विधायक दल की बैठक में भाग लिया। बैठक में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धरमैया, पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख डी के शिवकुमार और पार्टी के कई नेता एवं विधायक शामिल हुए। सिन्हा ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि वह अपनी यात्रा के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा से मुलाकात नहीं करेंगे। देवगौड़ा की पार्टी जनता दल (सेक्युलर) ने संकेत दिया है कि वह 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू का समर्थन करेगी।

सिन्हा ने कहा कि भाजपा की पूर्व पदाधिकारी नुपूर शर्मा के खिलाफ उच्चतम न्यायालय की कुछ टिप्पणियों के बाद न्यायपालिका पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने इन आरोपों को अप्रत्याशित और भारत के लोकंतत्र में अत्यंत निराशाजनक घटनाक्रम बताया। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले उच्चतम न्यायालय ने भाजपा की पूर्व प्रवक्ता के खिलाफ कुछ टिप्पणियां कीं और इसके बाद प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण ने एक समारोह में कहा कि न्यायपालिका केवल संविधान के प्रति जवाबदेह है। सिन्हा ने कहा कि मैं देश के शीर्ष न्यायालय के दृढ़ और स्पष्ट बयान का स्वागत करता हूं और इसके लिए प्रधान न्यायाधीश को बधाई देता हूं।

अन्नाद्रमुक का समर्थन मांगने की खबर फर्जी : कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने रविवार को उस खबर को फर्जी बताते हुए खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि राहुल गांधी ने अन्नाद्रमुक के नेता ई पलानीस्वामी को फोन कर राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के लिए पार्टी का समर्थन मांगा है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने एक बयान जारी कर कहा कि यह खबर फर्जी है और इसका मकसद भ्रम पैदा करना है। रमेश ने कहा कि यह पूरी तरह से झूठी खबर है। ऐसा कोई फोन कॉल नहीं किया गया था। द्रमुक और कांग्रेस का गठबंधन इतना मजबूत है कि वह उसे कमजोर करने के नाकाम प्रयासों का सामना कर सकता है।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें