
सत्य साई बाबा ने लोगों को सेवा मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया : राष्ट्रपति मुर्मु
- आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में सत्य साई बाबा के जन्म शताब्दी समारोह को किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को कहा कि पूज्य आध्यात्मिक गुरु सत्य साई बाबा ने लाखों लोगों को सेवा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। सत्यसाई जिले के पुट्टपर्थी में जन्म शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि सत्य साई बाबा ने इस विश्वास का प्रचार किया कि मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है। उन्होंने कहा कि सत्य साई बाबा ने अध्यात्म को निस्वार्थ सेवा और व्यक्तिगत परिवर्तन से जोड़ा। राष्ट्रपति ने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि इतने सारे देशों में उनके भक्त वंचितों की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्य साई बाबा का नि:स्वार्थ सेवा के माध्यम से नि:स्वार्थ प्रेम का संदेश श्री सत्य साई संगठन को सेवा के वास्ते स्वयंसेवा करने के लिए प्रेरित कर रहा है।

मुर्मु ने कहा, सत्य साई बाबा का संदेश है कि सभी से प्रेम करो, सभी की सेवा करो, सदैव मदद करो और कभी किसी को चोट न पहुंचाओ। यह संदेश शाश्वत और सार्वभौमिक है। उनका मानना था कि विश्व हमारी पाठशाला है और सत्य, सदाचार, शांति, प्रेम एवं अहिंसा के पांच मानवीय मूल्य हमारा पाठ्यक्रम हैं। इस बीच, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि सत्य साई बाबा के सिद्धांतों पर अमल करने से विश्व शांति स्थापित होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




