Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsPresident Launches National Tribal Festival Adi Mahotsav to Promote Tribal Heritage and Development

आदिवासी समाज के शिल्प देश की अनमोल विरासत: मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 'आदि महोत्सव' का उद्घाटन किया, जो जनजातीय विरासत को उजागर करने का एक महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के विकास के लिए पिछले 10 वर्षों में कई कदम उठाए गए...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSun, 16 Feb 2025 10:10 PM
share Share
Follow Us on
आदिवासी समाज के शिल्प देश की अनमोल विरासत: मुर्मु

- राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव ‘आदि महोत्सव का शुभारंभ किया - बीते 10 वर्षों में आदिवासियों के समग्र विकास को अनेक कदम उठाए गए

नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को कहा कि आदिवासी समाज के शिल्प, खान-पान, पहनावा और आभूषण, चिकित्सा पद्धतियां, घरेलू उपकरण और खेल हमारे देश की अनमोल विरासत हैं। राष्ट्रपति ने कहा, साथ ही वे आधुनिक और वैज्ञानिक भी हैं क्योंकि वे प्रकृति के साथ सहज सामंजस्य और एक स्थायी जीवन शैली के आदर्शों को दर्शाते हैं।

नई दिल्ली में राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव ‘आदि महोत्सव का उद्घाटन करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि आदि महोत्सव जनजातीय विरासत को उजागर करने और उसे बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे उत्सव जनजातीय समाज के उद्यमियों, कारीगरों और कलाकारों को बाजार से जुड़ने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले 10 वर्षों के दौरान आदिवासी समाज के समग्र विकास के लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए गए हैं। आदिवासी विकास बजट पांच गुना बढ़कर लगभग एक लाख पच्चीस हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा, आदिवासी कल्याण बजट आवंटन तीन गुना बढ़कर लगभग 15 हजार करोड़ रुपये हो गया है। आदिवासी समाज के विकास पर विशेष ध्यान देने के पीछे की सोच यह है कि जब आदिवासी समाज आगे बढ़ेगा, तभी हमारा देश भी सही मायने में आगे बढ़ेगा। इसीलिए आदिवासी अस्मिता के प्रति गौरव की भावना बढ़ाने के साथ-साथ आदिवासी समाज के विकास के लिए बहुआयामी प्रयास तेज गति से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि देश में लगभग 1.25 लाख आदिवासी बच्चे 470 से अधिक एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में स्कूली शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। पिछले 10 वर्षों में आदिवासी बहुल क्षेत्रों में 30 नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए हैं। आदिवासी समाज के स्वास्थ्य से जुड़ी एक विशिष्ट समस्या के समाधान के लिए एक राष्ट्रीय मिशन शुरू किया गया है। इस मिशन के तहत वर्ष 2047 तक सिकल सेल एनीमिया को खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है।

आदि महोत्सव का आयोजन जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 16 से 24 फरवरी, 2025 तक मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में किया जा रहा है। इस महोत्सव का उद्देश्य हमारे देश के आदिवासी समुदायों की समृद्ध और विविध पारंपरिक संस्कृति की झलक प्रदान करना है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें