राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज महाकुम्भ में डुबकी लगाएंगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को प्रयागराज के महाकुम्भ में डुबकी लगाएंगी। वह संगम स्नान के साथ अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। राष्ट्रपति का यह ऐतिहासिक दौरा आधुनिक भारत और...

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को प्रयागराज के महाकुम्भ में डुबकी लगाएंगी। राष्ट्रपति मुर्मु आठ घंटे से अधिक समय तक प्रयागराज में रहेंगी। इस दौरान संगम स्नान के साथ ही अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। इस दौरान यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। राष्ट्रपति भवन की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति सोमवार की सुबह त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाएंगी। देश की प्रथम नागरिक का संगम में डुबकी लगाने का यह ऐतिहासिक क्षण होगा। इससे पहले प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने महाकुम्भ में पावन स्नान किया था। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु धार्मिक आस्था को और मजबूती देने के लिए अक्षयवट का दर्शन-पूजन करेंगी। सनातन संस्कृति में अक्षयवट को अमरता का प्रतीक माना जाता है। इसके अलावा, राष्ट्रपति बड़े हनुमान मंदिर में भी दर्शन करेंगी और पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करेंगी।
बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति आधुनिक भारत और डिजिटल युग के साथ धार्मिक आयोजनों को जोड़ने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल को समर्थन देंगी। वह डिजिटल महाकुम्भ अनुभव केंद्र का अवलोकन करेंगी, जिसमें महाकुम्भ मेले की विस्तृत जानकारी तकनीकी माध्यमों से उपलब्ध कराई गई है। राष्ट्रपति शाम छह बजे प्रयागराज से वापस नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।