
सोशल मीडिया : गर्भवती बैंककर्मी ने प्रबंधक पर लगाया शोषण का आरोप
नई दिल्ली में एक गर्भवती महिला कर्मचारी ने बैंक प्रबंधक पर मानसिक उत्पीड़न और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया है। महिला ने सोशल मीडिया पर अपनी कहानी साझा की, जिसमें कहा कि प्रबंधक ने उसकी शिकायतों के बाद उसे अतिरिक्त काम दिया और लंच का समय भी नहीं दिया। गर्भावस्था में परेशानियों के बावजूद उसे काम करना पड़ा।
नई दिल्ली, एजेंसी। सार्वजनिक क्षेत्र के एक बैंक में कार्यरत गर्भवती महिला कर्मचारी ने शाखा प्रबंधक पर मानसिक उत्पीड़न और अमानवीय व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती बयां की। पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर भारत में कार्य क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। पीड़ित महिला का आरोप है कि उसने शाखा प्रबंधक द्वारा मंजूर किए गए कुछ संदिग्ध लोन की शिकायत उच्च अधिकारियों की थी। जब इसकी जांच शुरू हुई, तो प्रबंधक ने उसका शोषण शुरू कर दिया। महिला ने बताया कि उसको लगातार अतिरिक्त काम दिया गया।
यहां तक की उसको लंच तक ठीक से नहीं करने दिया जाता था। गर्भावस्था से जुड़ी दिक्कतें बढ़ने के बावजूद प्रबंधक ने उसे अवकाश नहीं दिया। - गर्भावस्था में बीमारी के बावजूद करती रही काम पीड़ित महिला के अनुसार, गर्भावस्था की पहली तिमाही उसके लिए बेहद मुश्किल रही। इस दौरान वह तेज बुखार व संक्रमण से जूझ रही थी, लेकिन शाखा में इकलौती कर्मचारी होने के कारण उसे लगातार काम करना पड़ा। पीड़िता का कहना है कि प्रबंधक उसे जल्दी मातृत्व अवकाश पर भेजना चाहता था, जबकि वह निर्धारित समय तक काम करना चाहती थी। इसी के चलते उसका उत्पीड़न किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




