
आप नेता ने सिख धार्मिक प्रतीकों का अपमान किया : भाजपा
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी द्वारा सिख गुरु पर की गई कथित टिप्पणी के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में नेता तरुण चुघ ने आरोप लगाया कि आतिशी का बयान सिख गुरुओं के प्रति अनादर है और उन्होंने माफी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आप कार्यालय के बाहर नारेबाजी की।
नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी द्वारा सिख गुरु पर कथित टिप्पणी के मामले में सियासत गरमा गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसके विरोध में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी कार्यालय के पास प्रदर्शन किया। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में दिल्ली भाजपा सिख प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शन से पहले भाजपा कार्यकर्ता विंडसर प्लेस के पास एकत्र हुए। उन्होंने हाथों में पोस्टर-बैनर ले रखे थे। यहां से भाजपा कार्यकर्ता आतिशी के इस्तीफे की मांग करते हुए आप कार्यालय के पास पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारी आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से भी माफी की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शनकारी जैसे ही फिरोजशाह रोड से आप कार्यालय की ओर बढ़े वैसे ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया था। इसके बाद प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पर खड़े होकर काफी देर तक नारेबाजी करते रहे। नेता प्रतिपक्ष ने सिख गुरुओं का अनादर किया : तरुण चुघ प्रदर्शन के दौरान तरुण चुघ ने कहा कि आप नेता आतिशी का विधानसभा में आचरण और बयान सिख गुरुओं के प्रति अनादर को दर्शाता है। यह संवैधानिक गरिमा के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह सिख समाज की भावनाओं को जानबूझकर आहत करने का गंभीर प्रयास है। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आतिशी को सिख समुदाय से माफी मांगनी चाहिए। सिख सेल के संयोजक चरणजीत सिंह ने आतिशी के बयान को न केवल तथ्यों से परे, बल्कि दुर्भाग्यपूर्ण बताया। प्रदर्शन में सांसद कमलजीत सहरावत, योगेन्द्र चंदोलिया, दिल्ली भाजपा के महामंत्री विष्णु मित्तल, दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष आदेश गुप्ता आदि शामिल रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




