ब्यूरो:::संसद सत्र::::लोकसभा अध्यक्ष के 'अपमान' पर विवाद

Feb 12, 2026 08:05 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

-सरकार और विपक्ष आमने-सामने, रिजिजू ने लगाए गंभीर आरोप -प्रियंका गांधी वाड्रा ने किया खंडन,

ब्यूरो:::संसद सत्र::::लोकसभा अध्यक्ष के 'अपमान' पर विवाद

नई दिल्ली, वि‌शेष संवाददाता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष की तरफ से दिए गए अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस के बीच सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच अब उनके 'अपमान' को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया है कि कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष का अपमान किया। वहीं, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने इन आरोपों को खारिज किया है। एक्स पर साझा किया वीडियो किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर नौ सेकंड का एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए कहा कि इस गैर कानूनी वीडियो क्लिप को एक कांग्रेस सांसद ने तब बनाया था, जब 20-25 सांसद अध्यक्ष के कक्ष में घुसे।

रिजिजू ने आरोप लगाया कि उन्होंने अध्यक्ष का 'अपमान' किया और प्रधानमंत्री को धमकी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा बहस और चर्चा में विश्वास करती है। अपने ट्वीट के साथ किरेन रिजिजू ने दो मिनट दस सेकंड का अपना वीडियो बयान भी साझा किया है। इसमें रिजिजू सिलसिलेवार तरीके से इस घटना को बताते हैं। उन्होंने दावा किया कि अध्यक्ष के कक्ष में घुसे सांसदों ने प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। इन सांसदों ने प्रधानमंत्री को धमकाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जब सदन में आएगें, तो देखना हम क्या करते हैं। ये है मामला दरअसल, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पांच फरवरी को सदन में कहा था कि प्रधानमंत्री को चार फरवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देना था, पर उनके पास पुख्ता जानकारी थी कि कांग्रेस के कुछ सदस्य पीएम के आसन के पास पहुंचकर उन्हें नुकसान पहुंचा सकते थे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इसका खंडन करते हुए कहा था कि कोई सदस्य पीएम को नुकसान पहुंचाना चाहता था, तो उसके खिलाफ एफआईआर कर गिरफ्तार करना चाहिए। ऐसे में किरेन रिजिजू ने लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में कांग्रेस के एक सांसद की तरफ से बनाए गए गैर कानूनी वीडियो को साझा कर सरकार की आशंकाओं को सही साबित करने की कोशिश की है। क्योंकि, सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने की इजाजत नहीं देने पर अपना विरोध दर्ज कराने के लिए कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात की थी। भाजपा ने उस वक्त भी यह आरोप लगाया था कि अध्यक्ष के कक्ष में कांग्रेस सांसदों का रवैया बेहद आक्रामक था। कांग्रेस ने सभी आरोपों को झूठा करार दिया सरकार की तरफ से किए जा रहे इन तमाम दावों के बीच कांग्रेस ने इन सभी आरोपों को झूठ करार दिया है। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि यह बात बेबुनियाद है कि वह पार्टी सांसदों को उकसा रही थी। इसके साथ ही उन्होंने किसी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग या अभद्र व्यवहार करने के आरोपों से भी साफ इनकार किया है। संसद भवन परिसर में मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हमने किसी का अपमान नहीं किया। एक दो सांसद आक्रोशित थे और उन्होंने अपनी बात रखी। उन्होंने किसी सदस्य को नहीं उकसाया था। वह चुपचाप बैठी थी और अंत में उन्होंने बेहद शांतिपूर्ण और सभ्य तरीके से लोकसभा अध्यक्ष से अपनी बात कही थी। इस घटनाक्रम के बाद माना जा रहा है कि सरकार और विपक्ष में आरोप-प्रत्यारोप का दौर अभी जारी रहेगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।