आप ने विधायकों के खिलाफ दर्ज मामले को बताया राजनीतिक साजिश
दिल्ली पुलिस द्वारा आप के तीन विधायकों के खिलाफ महिला के साथ छेड़खानी का केस दर्ज करने के मामले को पार्टी ने राजनीतिक साजिश करार दिया है। आप ने इसके पीछे भाजपा का हाथ बताया है। पीड़ित महिला का आरोप था...
दिल्ली पुलिस द्वारा आप के तीन विधायकों के खिलाफ महिला के साथ छेड़खानी का केस दर्ज करने के मामले को पार्टी ने राजनीतिक साजिश करार दिया है। आप ने इसके पीछे भाजपा का हाथ बताया है। पीड़ित महिला का आरोप था कि दिल्ली विधानसभा में आप विधायकों ने यह हरकत की थी। गुरुवार को एक प्रेसवार्ता में आप विधायक भावना गौड़ ने कहा, जिस महिला ने आप विधायकों पर यह आरोप लगाया है, वह भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता की सिफारिश पर विधानसभा में दाखिल हुई थी। महिला सुरक्षा एक महत्वपूर्ण मुद्दा है, लेकिन यह बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है कि महिला सुरक्षा के नाम पर कुछ लोग राजनीतिक साजिश को अंजाम देते हैं। जब विधानसभा में उस महिला के प्रवेश पर सख्ती की गई तो आप के निलंबित नेता कपिल मिश्रा उसे महिला को अपनी गाड़ी का ड्राइवर बनाकर विधानसभा में ले आए। आप विधायकों ने इस महिला के खिलाफ अनाधिकारिक रूप से विधानसभा गैलरी में घुसने और गाली-गलौच करने की शिकायत की थी। इस मामले की जांच सदन की विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई थी। गौड़ के मुताबिक, यह वही महिला है जिसने गत चुनावों के दौरान आप नेता संजय सिंह के उपर हमला किया था और उसके बाद उन्हीं के साथियों पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था। उस केस में कोर्ट ने जमानत देते हुए कहा था कि झगड़े में बीच बचाव करना और छेड़छाड़ करना दोनो अलग-अलग बातें होती हैं। इस महिला का अपने मकान मालिक के साथ मकान खाली करने का झगड़ा चल रहा है। साल 2016 में भी इस महिला ने अपने मकान मालिक, उसकी पत्नी और उसके बेटे पर इसी तरह के आरोप लगाकर छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था। आप विधायक अल्का लाम्बा ने कहा कि यह महिला पहले भी कई लोगों पर ऐसे आरोप लगा चुकी है। इस महिला द्वारा लगाए गए एक आरोप पर कोर्ट ने इन्हें लताड़ भी लगाई है।