
लूट का विरोध करने पर स्कूटी सवार को चाकू से गोदा
घटनास्थल की जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दोनों आरोपी पहचान में आए, दोनों किशोर पकड़े
नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। ख्याला इलाके में लूट की कोशिश के दौरान स्कूटी सवार युवक पर चाकू से हमला करने वाले दो नाबालिगों को पुलिस ने दबोच लिया है। दोनों के पास से लूटी गई नकदी और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया है। घटना में घायल 22 वर्षीय करणवीर की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस उपायुक्त दराडे शरद भास्कर के मुताबिक, चार नवंबर की रात पुलिस को जीजीएस अस्पताल से एक युवक के चाकू लगने की सूचना मिली थी। घायल करणवीर ने बताया कि वह अपने दोस्त के घर से लौट रहा था, तभी रघुवीर नगर के पास दो युवकों ने उसकी स्कूटी रोक ली।

विरोध करने पर दोनों ने उस पर पेट और जांघ पर चाकू से कई वार किए और नकदी सहित अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। सूचना के बाद ख्याला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया। घटनास्थल की जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दोनों आरोपी पहचान में आए। फुटेज में वे शिकायतकर्ता के साथ हाथापाई करते दिखे। पुलिस ने स्थानीय नेटवर्क की मदद से दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनों नाबालिग हैं। एक आरोपी पर पहले से भी लूट और मारपीट के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


