इंस्टाग्राम के जरिये लोगों को फंसा कर लूटपाट, सात गिरफ्तार

Feb 27, 2026 04:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

आरोपियों ने कारोबार में घाटा होने के बाद सोशल मीडिया के जरिए फंसा कर लूट की योजना बनाई

इंस्टाग्राम के जरिये लोगों को फंसा कर लूटपाट, सात गिरफ्तार

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। बाहरी जिला पुलिस ने इंस्टाग्राम के जरिए फंसा कर लूटपाट करने वाले गिरोह के सात गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इसमें गिरोह का सरगना और साजिशकर्ता शामिल हैं, जो कारोबार में 70 लाख रुपये के घाटे के बाद वारदात करने लगे। अब तक गिरोह ने पांच लोगों को शिकार बनाया। डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि एनएसआईटी की एक छात्रा ने रविवार को शिकायत दी। छात्रा ने बताया कि इंस्टाग्राम पर कम कीमत में क्रिप्टोकरेंसी बेचने का विज्ञापन देखा। संपर्क करने पर उसे रुपये लेकर पश्चिम विहार ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर बुलाया। वहां पर बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर 1.83 लाख रुपये लूट लिए।

शिकायत पर पश्चिम विहार ईस्ट थाने में एफआईआर दर्ज कर एसटीएफ प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल मीना की टीम ने जांच शुरू की। मोबाइल नंबर और इंस्टाग्राम की मदद से अमित रेसर को पकड़ा गया। इसके बाद अमित जैन, प्रीतपाल, अभय, निखिल, शिवम और हरीश को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 1.45 लाख रुपये, पिस्टल, कार और दो दोपहिया वाहन बरामद हुए। जांच में पता चला कि सरगना अमित जैन चावल कारोबार करता था। घाटे के कारण उसने सोशल मीडिया के जरिए शिकार फंसा कर लूट की योजना बनाई। अब तक पांच वारदातों की पुष्टि हुई है, जिनमें से एक मामले में सुभाष प्लेस थाने में 9 फरवरी को एफआईआर दर्ज की गई थी। सभी वारदातें नवंबर से फरवरी के बीच हुई हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।