
तमिलनाडु: पीएमके संस्थापक रामदास ने बेटे अंबुमणि को पार्टी से निकाला
चेन्नई में पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के संस्थापक एस. रामदास ने अपने बेटे अंबुमणि रामदास को पार्टी से निकाल दिया है। रामदास का आरोप है कि अंबुमणि पार्टी को समाप्त कर रहे हैं। हालांकि, अंबुमणि समर्थक...
चेन्नई, एजेंसी। पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) में चल रही खींचतान के बीच पार्टी संस्थापक एस. रामदास ने गुरुवार को अपने बेटे और कार्यकारी अध्यक्ष अंबुमणि रामदास को पार्टी से निकाल दिया। रामदास ने आरोप लगाया है कि अंबुमणि पार्टी को खत्म कर रहे हैं। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे उनसे कोई संबंध न रखें। रामदास ने कहा कि अंबुमणि को 16 कारण बताओ नोटिस भेजे गए थे लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें संगठनात्मक पद और प्राथमिक सदस्यता से उन्हें हटा दिया गया। हालांकि, पीएमके नेता के. बालू ने दावा किया कि चुनाव आयोग ने अंबुमणि को पार्टी अध्यक्ष के रूप में मान्यता दी है और उनका कार्यकाल अगस्त 2026 तक बढ़ा दिया गया है।

बालू ने कहा कि पार्टी संस्थापक प्रशासनिक निर्णय नहीं ले सकते, यह अधिकार केवल अध्यक्ष और सचिव के पास है। पार्टी में पिता-पुत्र के बीच टकराव अब खुलकर सामने आ गया है। इस पूरे विवाद के बाद पीएमके में दो खेमों के बीच टकराव साफ दिखने लगा है। एक ओर एस. रामदास अंबुमणि को पार्टी से बाहर करने पर अड़े हैं, तो दूसरी ओर अंबुमणि समर्थक और कई नेता चुनाव आयोग की मान्यता का हवाला देकर उन्हें पार्टी प्रमुख मान रहे हैं। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


