
यूपी के एनडीए सांसदों को मोदी की नसीहत, काम करें-सोशल मीडिया का उपयोग करें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के एनडीए सांसदों के साथ बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तेजी से काम करने की सलाह दी। उन्होंने सांसदों से कहा कि वे सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुँचाएँ और सोशल मीडिया का अधिक उपयोग करें। मोदी ने कांग्रेस की वादों पर भी सवाल उठाए।
- प्रधानमंत्री ने कहा-आप बस काम करिए, यह मजदूर आपके पीछे है खड़ा नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के एनडीए सांसदों के साथ बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर तेजी से काम करने की नसीहत दी है। संसद भवन में शुक्रवार को हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री ने सांसदों से कहा कि वो सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाएं। अपने संसदीय क्षेत्रों में युवाओं के लिए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करें। विभिन्न राज्यों के एनडीए सांसदों के साथ संसद सत्र के दौरान मुलाकात के क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश से आने वाले एनडीए सांसदों से मुलाकात की।
इसमें मोदी ने सांसदों से कहा कि वो जनता के बीच रहें और उनकी समस्याओं का समाधान करवाएं। सूत्रों के अनुसार, मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने खुद को मजदूर बताया और कहा कि कहा, आप बस काम करिए, यह मजदूर आपके पीछे खड़ा है। उन्होंने सांसदों से जनता से संपर्क बढ़ाने को कहा। उन्होंने सांसदों को नसीहत दी कि उन्हें अपनी बात लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का अधिक से अधिक इस्तेमाल करना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों से कहा कि वो सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाएं। कांग्रेस का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस केवल वादे करती है और चुनाव नजदीक आते ही काम करने का दिखावा शुरू कर देती है, जबकि हम, हम लगातार काम करते हैं, लेकिन हमारी योजनाओं और उपलब्धियों का जनता तक पर्याप्त प्रचार नहीं हो पाता है। इसलिए जरूरी है कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों से जनता को अवगत कराया जाए। मोदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस केवल रोड पर चूना लगाकर छोड़ देती थी और वादे करती थी, उन्हें पूरा नहीं करती थी। तेलंगाना के सांसदों से पूछा उपचुनाव हारने का कारण इससे पहले गुरुवार रात को प्रधानमंत्री ने अपने आवास पर तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पद्दुचेरी एवं केरल के सांसदों के साथ बैठक में तेलंगाना के सांसदों से नाराजगी भी जताई। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने तेलंगाना के जुबली हिल्स विधानसभा चुनावों में भाजपा के कमजोर प्रदर्शन को लेकर कहा, यह स्थिति ठीक नहीं है। यह सीट बीआरएस से खाली हुई थी। इसे कांग्रेस ने जीता, लेकिन भाजपा की बुरी तरह हार हुई। सूत्रों के कहा कि हमें विपक्ष में रहते हुए कम से कम दूसरे नंबर पर तो रहना ही था। उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की तारीफ की और कहा कि वह राज्य में ज्यादा निवेश ला रहे हैं। इसमें सभी को सहयोग करना चाहिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




