
मोदी ने मिशन बंगाल के लिए मजबूती से लड़ाई जारी रखने का दिया मंत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के भाजपा सांसदों के साथ बैठक में उन्हें जीत के लिए मेहनत करने और ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि 2026 के चुनावों के लिए तैयारी करनी होगी और विपक्ष की बयानबाजी पर समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। मोदी ने सांसदों को स्थानीय मुद्दों पर ध्यान देने को भी कहा।
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को संसद भवन में पश्चिम बंगाल के भाजपा सांसदों के साथ मुलाकात में राज्य में जीत के लिए कड़ी मेहनत करने और लड़ाई जारी रखने को कहा। प्रधानमंत्री ने एसआईआर के मुद्दे में नहीं उलझने की सलाह देते हुए कहा कि यह मतदाता सूची की सामान्य शुद्धिकरण की प्रक्रिया है। इस समय ध्यान भटकाने वाली चींजों से बचते हुए अपने लक्ष्य पर खुद को केंद्रित रखें। मोदी ने एक दिन पहले असम के भाजपा सांसदों के साथ बैठक की थी। इसी क्रम में बुधवार को उन्होंने पश्चिम बंगाल के सांसदों के साथ बैठक की।
दोनों ही राज्यों में अगले साल मार्च-अप्रैल में चुनाव होने हैं। सूत्रों के अनुसार, बैठक का माहौल चुनावी रणनीति और आने वाले महीनों की तैयारियों पर केंद्रित रहा। इस चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री ने सांसदों को साफ संदेश दिया कि अब लक्ष्य सिर्फ और सिर्फ बंगाल में जीत सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने राज्य में काफी आगे तक लड़ाई बढ़ा दी है और अब इसे मजबूती के साथ लगातार बनाए रखने की जरूरत है। प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों को याद दिलाया कि 2026 के चुनाव अब दूर नहीं हैं और इस समय ध्यान भटकाने वाली चीजों से बचना बेहद जरूरी है। मोदी ने बिना किसी पार्टी का नाम लिए विपक्ष की बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देने में ऊर्जा खर्च न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा का सफर भले कठिन रहा हो, लेकिन 2011 के तीन विधायकों से आज की स्थिति तक पहुंचना अपने आप में एक लंबा सफर और मजबूत नींव का संकेत है। प्रधानमंत्री ने दृढ़ता से कहा कि यह सफर रुके नहीं। उन्होंने सांसदों को मेहनत जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि हमें कड़ी मेहनत करनी है और यह सुनिश्चित करना है कि इस बार बंगाल में जीत हमारे ही हिस्से आए। बैठक में स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने सांसदों से पूछा कि जमीनी स्तर पर क्या हो रहा है, लोग क्या कह रहे हैं, किस बात से नाराज हैं, किससे उम्मीद रखते हैं। हाल ही में सांसद खगेन मुर्मु पर हुए हमले का भी उल्लेख आया, जिसे उन्होंने गंभीरता से सुना और कहा कि ऐसी घटनाएं जनता तक पहुंचनी चाहिए। उनका स्पष्ट संदेश था कि जनता से निरंतर जुड़ाव ही चुनावी सफलता की कुंजी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




