एक लाख युवाओं को राजनीति में लाएंगे : मोदी

Oct 20, 2024 09:54 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में 6100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने परिवारवादी राजनीति और भ्रष्टाचार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह देश के लिए बड़ा खतरा है।...

एक लाख युवाओं को राजनीति में लाएंगे : मोदी

- प्रधानमंत्री ने वाराणसी में राष्ट्र को समर्पित 6100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया - कहा, परिवारवादी राजनीति देश के लिए सबसे बड़ा खतरा

वाराणसी, हि.टी.। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को यहां सपा और कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति देश के लिए बड़ा खतरा हैं। उनसे सबसे बड़ा नुकसान युवाओं को होता है। वे युवाओं को आगे आने का मौका नहीं देतीं। मोदी ने कहा कि हम गैर सियासी परिवारों के एक लाख युवाओं को राजनीति में लाएंगे, जो भ्रष्टाचार और परिवारवादी राजनीति का खात्मा करेंगे। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे राजनीति में बदलाव की नई धुरी बनने के लिए आगे आएं।

प्रधानमंत्री यहां सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सभा से पहले उन्होंने देश, प्रदेश और काशी से जुड़ी 6100 करोड़ रुपयों से अधिक की परियोजनाओं लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मोदी ने कहा कि 10 वर्ष पहले तक देश में सिर्फ लाखों-करोड़ों रुपयों के घोटालों और उनसे घिरी सरकारों की चर्चा होती थी। काशी ने मुझे तीसरी बार सेवा का अवसर दिया है। उसके सवा सौ दिन भी पूरे नहीं हुए हैं और 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की घर-घर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। उन्होंने कहा, देश यही बदलाव तो चाहता है, जहां जनता का पैसा जनता पर खर्च हो, देश के विकास में लगे।

लोकार्पित और शिलान्यास की गईं परियोजनाओं से होने वाले फायदों की चर्चा करते हुए मोदी के तेवर धीरे-धीरे आक्रामक होते गए। बोले, हमने सबका साथ-सबका विकास के भाव से विकास किया है। नेक नीयत से देश के एक-एक परिवार की चिंता की है। उसका परिणाम है कि देश लगातार हमें आशीर्वाद दे रहा है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत मिली है, जम्मू-कश्मीर में सबसे अधिक वोट मिले हैं।

मोदी ने परिवारवाद और तुष्टीकरण को लेकर सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने परिवारवादी राजनीति को देश के लिए बड़ा खतरा बताया। प्रधानमंत्री ने कहा, हमने लाल किले से संकल्प लिया है कि देश के उन एक लाख युवाओं को राजनीति में लाएंगे जिनके परिवारों का राजनीति से दूर-दूर तक संबंध नहीं है। वे युवा परिवारवादी राजनीति का खात्मा करेंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।