विकसित भारत के लिए विकसित तमिलनाडु का लक्ष्य : मोदी

Mar 01, 2026 06:42 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु में 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र का लक्ष्य विकसित भारत के लिए विकसित तमिलनाडु है। पुडुचेरी में भी 2,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की गई। मोदी ने विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

विकसित भारत के लिए विकसित तमिलनाडु का लक्ष्य : मोदी

मदुरै/पुडुचेरी, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि केंद्र का सामूहिक लक्ष्य विकसित भारत के लिए एक विकसित तमिलनाडु है। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र समावेशी विकास और राज्य की प्रगति को सक्षम बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। यहां 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हमारा सामूहिक लक्ष्य एक विकसित भारत के लिए एक विकसित तमिलनाडु है। प्रत्येक भारतीय 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रेरित है। तमिलनाडु राष्ट्र के भविष्य को आकार देने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार समावेशी विकास और राज्य की प्रगति को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध रहेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु का समृद्ध इतिहास है और आदिचनल्लूर जैसे ऐतिहासिक स्थलों को वैश्विक धरोहर स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वंदे भारत की नौ ट्रेनों और अमृत भारत की नौ ट्रेनों से तमिलनाडु के लोगों को लाभ हुआ है और इनके डिब्बों का निर्माण आईसीएफ में किया गया था। मोदी ने कहा कि रेलवे एक आधुनिक, कुशल और जन-केंद्रित परिवहन प्रणाली के रूप में उभर रहा था और यह तमिलनाडु में स्पष्ट रूप से दिखाई देता था। प्रधानमंत्री मोदी ने पुडुचेरी में 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पुडुचेरी को दिल्ली में बैठे एक परिवार के लिए एटीएम बना दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और द्रमुक पुडुचेरी के विकास पथ में गतिरोधक बन गए हैं। डीएमके पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि जनता पड़ोसी राज्य तमिलनाडु में हो रहे घोटालों की एक लंबी सूची देख सकती है, जहां डीएमके का शासन है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुडुचेरी में कांग्रेस के पूर्व शासनकाल के दौरान राशन की दुकानों में चावल नहीं था, वेतन में देरी होती थी और सड़कों पर गुंडे तथा ड्रग माफिया का राज था। स्वतंत्रता आंदोलन में पुडुचेरी क्षेत्र की भूमिका की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक हमें एक विकसित पुडुचेरी, एक विकसित भारत का निर्माण करना होगा। उन्होंने कहा कि पुडुचेरी की ‘डबल इंजन’ सरकार इस मिशन में आपके साथ है और हम सर्वश्रेष्ठ पुडुचेरी के लिए काम करते रहेंगे। मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने पुडुचेरी को विशेष पूंजी निवेश सहायता योजना में शामिल किया है, जो केवल राज्यों के लिए है। उन्होंने कहा कि इस कदम से सड़कों सहित बेहतर बुनियादी ढांचे के रूप में केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को लाभ होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने मदुरै में 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया और मुख्य राष्ट्रीय राजमार्गों के मरकन्नम–पुदुचेरी खंड तथा परमाकुड़ी–रमणाथपुरम खंड को चार लेन बनाने की आधारशिला रखी। उन्होंने तमिलनाडु में आठ पुनर्निर्मित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया और चेन्नई बीच–चेन्नई एग्मोर चौथी रेल लाइन राष्ट्र को समर्पित की। उन्होंने तमिलनाडु में प्रसारण सेवाओं को और मजबूत करने और क्षेत्रीय कवरेज का विस्तार करने, निर्बाध एफएम प्रसारण सुनिश्चित करने और राज्य के कई जिलों में सार्वजनिक प्रसारण सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए कुंभकोणम, येरकौड और वेल्लोर में तीन नए आकाशवाणी एफएम रिले ट्रांसमीटरों का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने पुडुचेरी में बुनियादी ढांचे, शहरी सेवाओं, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा तथा सतत विकास को मजबूत करने के मकसद से 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। मोदी ने पीएम ई-बस सेवा पहल के तहत ई-बसों का उद्घाटन, स्मार्ट सिटी मिशन के तहत ‘इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर’, ‘सिटी इन्वेस्टमेंट्स टू इनोवेट, इंटीग्रेट एंड सस्टेन’ (सीआईटीआईआईएस) पहल के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आवास और पुडुचेरी सरकार की महत्वपूर्ण सीवरेज तथा जल आपूर्ति क्षेत्र की परियोजनाएं जैसी कई प्रमुख पहलों की शुरुआत की। प्रधानमंत्री मोदी शाम लगभग 4:15 बजे मदुरै के पास तिरुप्परनकुंद्रम स्थित अरुलमिगु सुब्रह्मण्य स्वामी मंदिर पहुंचे। मंदिर प्रशासन ने उन्हें ‘पूर्ण-कुंभ’ सम्मान प्रदान किया। धोती, कुर्ता पहने और शॉल ओढ़े प्रधानमंत्री ने मंदिर की परिक्रमा की और बाद में पूजा-अर्चना की। मोदी के साथ राज्यपाल आरएन रवि, केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन और भाजपा के राज्य प्रमुख नैनार नागेंद्रन भी थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।