
यूपी में पंकज चौधरी होंगे भाजपा अध्यक्ष
लखनऊ में, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष घोषित किया जाएगा। उन्होंने भाजपा मुख्यालय में नामांकन किया, जिसमें केवल उनका नामांकन हुआ। उन्हें कुर्मी बिरादरी से संबद्ध किया गया है और पंचायत व विधानसभा चुनावों से पहले कुर्मी वोट बैंक को एकजुट करने की चुनौती का सामना करना होगा।
लखनऊ, विशेष संवाददाता। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष होंगे। उन्होंने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में शनिवार को नामांकन किया। उनका अकेला नामांकन हुआ है, इसलिए उनके प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की केवल औपचारिक घोषणा ही बाकी है। इसके अलावा भाजपा राष्ट्रीय परिषद के लिए भी शनिवार को कुल 120 नामांकन दाखिल किए गए। केंद्रीय चुनाव अधिकारी एवं मंत्री पीयूष गोयल रविवार को उनके नाम का औपचारिक ऐलान करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार में मंत्री सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह आदि उनके प्रस्तावकों में शामिल रहे। पंकज चौधरी पूर्व नियोजित कार्यक्रम के मुताबिक शनिवार को नई दिल्ली से चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डा पहुंचे।

वहां पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। हवाई अड्डे के बाहर बड़ी तादाद में महाराजगंज से आए उनके समर्थक मौजूद भी रहे। वहां कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए वह भाजपा कार्यालय के लिए रवाना हुए। पंकज के यहां पहुंचने के पहले ही उनका नामांकन पत्र लिया जा चुका था। उन्होंने मुख्यमंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र यूपी भाजपा के चुनाव अधिकारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े को सौंपा। लक्ष्मीकांत बाजपेयी के चुनाव के बाद यह पहला मौका है, जब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के लिए चुनाव की औपचारिकता की जा रही है। - भाजपा के चौथे कुर्मी प्रदेश अध्यक्ष होंगे पंकज चौधरी चौथे कुर्मी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष होंगे। उनसे पहले कुर्मी बिरादरी से आने वाले ओम प्रकाश सिंह, विनय कटियार और स्वतंत्र देव सिंह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान संभाल चुके हैं। - कई अहम चुनौतियां पंकज चौधरी के लिए कुछ चुनौतियां भी होंगी। अगले वर्ष पंचायत और 2027 में विधानसभा चुनाव है। इन चुनावों के पहले कुर्मी वोट बैंक को एकजुट करना होगा। कार्यकर्ताओं में जोश भरना होगा। लोकसभा चुनावों में भाजपा से कुर्मी वोटर बड़े पैमाने पर छिटक गया था। यही वजह है कि कुर्मी बिरादरी से आने वाले पंकज के सिर पर प्रदेश अध्यक्ष का ताज भाजपा ने रखा है। अब उन्हें नए सिरे से सांगठनिक और जातीय समीकरण बनाकर नेतृत्व के फैसले को सही साबित करना होगा। - - 7 से 10 प्रतिशत के बीच है कुर्मी वोट बैंक यूपी में - 50 विधानसभा सीटों पर निर्णायक भूमिका निभाते हैं कार्यकर्ता देवतुल्य देवतुल्य कार्यकर्ताओं के आत्मीय स्वागत, उनसे मिले सम्मान और स्नेह से अभिभूत हूं। भाजपा प्रदेश के अध्यक्ष के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में नामांकन किया। - पंकज चौधरी, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


