खेल : कप्तान पर प्रतिबंध के बाद पीएचएफ प्रमुख का इस्तीफा
पाकिस्तान हॉकी में संकट और गहरा हो गया है। कप्तान अम्माद शकील बट पर दो साल का प्रतिबंध लगाने के बाद, पीएचएफ के अध्यक्ष तारिक बुगती ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बुगती ने प्रधानमंत्री से निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया है। बट ने दौरे के दौरान पीएचएफ के कुप्रबंधन की आलोचना की थी।

पाक हॉकी विवाद कराची, एजेंसी। पाकिस्तान हॉकी में चल रहा संकट गुरुवार को और गहरा गया। ऑस्ट्रेलिया दौरे की व्यवस्था में कुप्रबंधन के कारण खिलाड़ियों के सड़क पर रहने को लेकर पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) की आलोचना करने वाले कप्तान अम्माद शकील बट पर दो साल का प्रतिबंध लगाने के बाद महासंघ के अध्यक्ष तारिक बुगती ने पद से इस्तीफा दे दिया। बुगती ने कहा कि उन्होंने पीएचएफ के मुख्य संरक्षक प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को इस्तीफा भेज दिया है। उन्होंने कहा, मैंने पीएचएफ के मुख्य संरक्षक प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को इस्तीफा भेज दिया है। साथ ही उनसे और फील्ड मार्शल असीम मुनीर से ऑस्ट्रेलिया में प्रो लीग के दौरान हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह भी किया है।
अध्यक्ष के रूप में आखिरी कार्रवाई के तौर पर कप्तान बट पर दो साल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खेलने पर प्रतिबंध लगाया जिनकी बयानबाजी से पाकिस्तान हॉकी की छवि खराब हुई। स्वदेश वापस लौटने पर बट ने लाहौर में एक प्रेस कांफ्रेंस में पीएचएफ की आलोचना करके दौरे पर कुप्रबंधन के लिए उसे दोषी ठहराया। उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ियों को दौरे पर बर्तन भी धोने पड़े। बट की अगुवाई में नौ खिलाड़ियों ने टीम प्रबंधन और पीएचएफ अधिकारियों को हटाने की मांग की थी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


