अध्यक्ष पद का सम्मान, बिरला बेहतर इंसान: सपा
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष ने चर्चा की, जिसमें समाजवादी पार्टी के राजीव राय और द्रमुक के टीआर बालू ने बिरला की भूमिका की सराहना की, लेकिन कर्तव्यों की याद दिलाने की आवश्यकता बताई। जद(यू) के राजीव रंजन सिंह ने राहुल गांधी पर अविश्वास प्रस्ताव लाने का सुझाव दिया। तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा ने बिरला पर पक्षपात का आरोप लगाया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के संकल्प पर चर्चा में भाग लेते हुए समाजवादी पार्टी के राजीव राय ने लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से बिरला को बेहतर इंसान मानते हैं। द्रमुक के टीआर बालू ने भी कहा है कि बिरला अच्छे व्यक्ति हैं, लेकिन लोकसभा अध्यक्ष को कर्तव्यों की याद दिलाना भी जरूरी है। सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि वह लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए सम्मान व्यक्त करते हैं और ओम बिरला को बेहतर इंसान मानते हैं। अध्यक्ष का पद गरिमामयी होता है और उन पर उंगली उठाना किसी व्यक्ति विशेष पर आक्षेप लगाना नहीं होता।
कोई भी इस बात से खुश नहीं होगा कि लोकसभा अध्यक्ष को हटाया जाए, लेकिन ऐसी परिस्थितियां पैदा करने वाली सरकार है। लोकसभा अध्यक्ष की संस्था को कमजोर करने को लेकर जिम्मेदार सरकार है। 2019 से लोकसभा उपाध्यक्ष पद पर चुनाव नहीं कराके भी सरकार ने उचित नहीं किया है। राय ने कहा कि आज की चर्चा और मतदान का परिणाम भी सब जानते हैं कि लोकसभा अध्यक्ष को हटाया नहीं जा सकता, क्योंकि बहुमत सत्तापक्ष के पास है, लेकिन यह चर्चा इसलिए हो रही है कि आसन की मजबूती के लिए बात हो सके।द्रमुक नेता टीआर बालू ने भी कहा कि जिस तरह लोकसभा के इतिहास में पहले भी तीन बार अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया और उन्हें हटाया नहीं जा सका, उसी तरह आज भी बिरला को पद से तो नहीं हटाया जा सकता। बालू ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष बनने के बाद अगस्त, 2019 में बिरला ने खुद एक साक्षात्कार में कहा था कि सदन बहुमत से नहीं आम सहमति से चलता है। उम्मीद है कि उन्हें ये शब्द याद होंगे और भविष्य में इनका पालन करेंगे।अविश्वास प्रस्ताव तो नेता विपक्ष के खिलाफ आना चाहिए: राजीव रंजन सिंहजद(यू) के नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर गैरजिम्मेदार होने का आरोप लगाया और कहा कि सदन में अध्यक्ष ओम बिरला नहीं, बल्कि राहुल गांधी के खिलाफ अविश्वास का संकल्प लाया जाना चाहिए। सिंह ने कहा कि कांग्रेस द्वारा अपने एक नेता की तुष्टिकरण के लिए यह संकल्प लाया गया है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के सदस्य दिल पर हाथ रखकर सोचेंगे तो वो इस संकल्प के विरोध में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह संकल्प उच्च सदन के आसन को दबाव में रखने का प्रयास है। जद(यू) नेता ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब जिम्मेदारी से बात करिएगा तो माइक ऑन रहेगा और जब गैरजिम्मेदारी से बोलिएगा तो माइक बंद हो ही जाएगा। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक हैं जो मीठा बोलती हैं और दूसरे हैं जो आक्रामक रहते हैं। दोनों मिलकर रणनीति बनाते हैं। संसद को राजनीतिक नाटक का मंच बनने नहीं दिया जा सकता।बिरला ने सदन में पक्षपात किया, उन्हें पद से हटना चाहिए: मोइत्रातृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पर लोकतंत्र का गला घोंटने में संलिप्त रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिरला ने सदन में पक्षपात किया है और उन्हें पद से हटना चाहिए। तृणमूल कांग्रेस सांसद ने सदन से 2023 में अपने निष्कासन को याद करते हुए कहा कि यह कैसी विडंबना है कि जब मुझे गलत तरह से सदन से निष्कासित किया गया था, तो लोकसभा अध्यक्ष ने नैसर्गिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन करते हुए मुझे अपने बचाव में बोलने की अनुमति नहीं दी थी। आज उन्हीं लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वह अपनी पार्टी की तरफ से बोलने वाली पहली वक्ता हैं। अध्यक्ष रहते हुए बिरला ने पिछले सात साल में विपक्षी सदस्यों के एक भी कार्य स्थगन नोटिस को स्वीकार नहीं किया है।-अभिव्यक्ति की आजादी पर आसन भी रोक नहीं लगा सकता: मनीष तिवारीकांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने दावा किया कि संविधान के तहत लोकसभा अध्यक्ष या उपाध्यक्ष को कोई विशेष दर्जा नहीं दिया गया, वहीं सांसदों को विशेष दर्जा प्राप्त है। सदन में किसी भी सदस्य की बोलने और अभिव्यक्ति की आजादी पर आसन भी रोक नहीं लगा सकता। तिवारी ने यह भी कहा कि नेता प्रतिपक्ष को कानून में वैधानिक दर्जा दिया गया है। सदन में ऐसी परंपराए देखी गई हैं कि जब नेता प्रतिपक्ष बैठे-बैठे इशारा भी कर देते थे तो उनका माइक ऑन हो जाता था और आसन से उन्हें बोलने की अनुमति मिल जाती थी, लेकिन राहुल गांधी को बोलने नहीं देना उनकी अभिव्यक्ति की आजादी पर लगाम लगाना है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


