Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsOpenAI Launches Free ChatGPT Go Plan in India Users Face UPI Payment Issues
मुफ्त हुआ चैटजीपीटी गो, यूपीआई भुगतान में दिक्कत

मुफ्त हुआ चैटजीपीटी गो, यूपीआई भुगतान में दिक्कत

संक्षेप: भारत में ओपन एआई ने चैट जीपीटी गो का एक साल का मुफ्त प्लान शुरू किया, लेकिन कई यूजर्स को यूपीआई के जरिए खाता खोलने में समस्याओं का सामना करना पड़ा। यूजर्स ने सोशल मीडिया पर शिकायतें कीं कि यूपीआई भुगतान स्वीकृत होने के बाद भी ऑफर सक्रिय नहीं हो रहा। कंपनी ने कहा कि यह अस्थायी समस्या थी।

Tue, 4 Nov 2025 08:47 PMNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नई दिल्ली, एजेंसी। भारत में मंगलवार को ओपन एआई ने अपने चैटबॉट चैट जीपीटी गो का एक साल का मुफ्त प्लान शुरू किया, लेकिन लॉन्च के पहले ही दिन कई यूजर्स को यूपीआई के जरिए खाता खोलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कंपनी ने घोषणा की कि यह 12 माह का निःशुल्क ऑफर सीमित समय के लिए भारतीय यूजर्स के लिए उपलब्ध रहेगा। हालांकि, शुरुआत के कुछ घंटों में ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर यूजर्स ने शिकायतें कीं कि उन्हें यूपीआई भुगतान प्रक्रिया पूरी करने में दिक्कत आ रही है। यूजर्स का कहना है कि कई बार एक रुपये का यूपीआई भुगतान स्वीकृत करने के बाद भी ऑफर सक्रिय नहीं हो पा रहा है, प्रक्रिया भुगतान की स्क्रीन पर अटक जाती है, और अमान्य आईडी जैसी त्रुटियां लगातार आ रही हैं, जबकि भुगतान अधिकृत कर दिया गया होता है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि मुफ्त एक्सेस को सक्रिय करने के लिए उपयोगकर्ताओं को एक भुगतान विधि (क्रेडिट कार्ड या यूपीआई) जोड़नी होती है। यद्यपि कोई सदस्यता शुल्क नहीं लिया जाता, फिर भी प्रत्येक बिलिंग साइकिल पर एक रुपये का अस्थायी चार्ज लगाया जाता है, जो तुरंत वापस कर दिया जाता है। कंपनी के अनुसार, यह व्यवस्था 12 माह की मुफ्त अवधि पूरी होने के बाद ऑटोमेटिक बिलिंग सिस्टम को सक्षम करने के लिए है। अगर कोई उपयोगकर्ता इस अवधि के दौरान सदस्यता रद्द कर देता है, तो यह ऑफर उस खाते के लिए अमान्य हो जाएगा। कंपनी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भुगतान प्रक्रिया में अस्थायी व्यवधान आया था, क्योंकि उपयोगकर्ताओं की संख्या उम्मीद से कहीं अधिक थी, जिससे सर्वर पर दबाव बढ़ गया। सोशल मीडिया पर लोग बोले एक ने लिखा, “फ्री चैटजीपीटी गो के लिए उत्साहित था, लेकिन यूपीआई सत्यापन फंसा हुआ है! वैध आईडी डालने के बावजूद एरर आ रहा है। कृपया इसे जल्द ठीक करें।” दूसरे ने शिकायत की, “भुगतान की पुष्टि करने के बाद भी स्क्रीन ‘स्वीकृत भुगतान’ पर अटक जाती है। क्या यह सिस्टम की खराबी है?” तीसरे ने कहा, “दो बार एक रुपये का भुगतान करने के बाद भी मुफ्त वाला प्लान सक्रिय नहीं हुआ। पेज पर ‘₹0.00 बकाया’ दिखा रहा है, लेकिन चैटजीपीटी गो तक पहुंच नहीं मिल रही।”