ऑनलाइन बिजनेस का झांसा देकर साढ़े छह लाख ठगे
नई दिल्ली में एक 60 वर्षीय व्यक्ति से ऑनलाइन बिजनेस के नाम पर 6.5 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोपी ने खुद को प्रोफेशनल ट्रेडर बताकर बिजनेस प्लान समझाए और निवेश के लिए प्रेरित किया। जब पीड़ित ने मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे धोखा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। ऑनलाइन बिजनेस में मोटे मुनाफे का लालच देकर 60 वर्षीय व्यक्ति से साढ़े छह लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद द्वारका साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह के अनुसार सैनिक नगर, उत्तम नगर निवासी समीर चक्रवर्ती के व्हाट्सऐप पर नवंबर 2025 के अंतिम सप्ताह में दो अज्ञात नंबरों से ऑनलाइन बिजनेस का प्रस्ताव आया। आरोपियों ने खुद को प्रोफेशनल ट्रेडर बताकर अलग-अलग बिजनेस प्लान समझाए और ऑर्डर बुकिंग के नाम पर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। झांसे में आकर पीड़ित ने कई किस्तों में करीब 6.5 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
जब उन्होंने मुनाफे सहित रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने बहानेबाजी शुरू कर दी और उनका नंबर ब्लॉक कर दिया। पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में ऑनलाइन धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रेल की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



