उमर अब्दुल्ला और उनकी पत्नी सहमति से शादी खत्म करने को तैयार

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दोनों के बीच चल रहे तलाक के मामले में सुप्रीम कोर्ट को दी

उमर अब्दुल्ला और उनकी पत्नी सहमति से शादी खत्म करने को तैयार

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और अलग रह उनकी पत्नी पायल अब्दुल्ला आपसी सहमति से शादी खत्म करने को तैयार हो गए हैं। सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को दोनों के बीच आपसी सहमति से तलाक लेने और इससे जुड़े सभी मुकदमे वापस लेने की जानकारी दी गई। दोनों के बीच तलाक का मामला पिछले कई सालों से चल रहा था। जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और आलोक अराधे की पीठ के समक्ष मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने इस मामले का उल्लेख किया। उन्होंने पीठ से कहा कि संविधान के अनुच्छेद-142 के तहत शादी खत्म करने के लिए अर्जी दाखिल की गई है क्योंकि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया है।

उन्होंने पीठ से कहा कि दोनों पक्षों ने सहमति से आजादी अपना ली है। इस पर जस्टिस नरसिम्हा ने कहा कि हम इसे अपने आदेश का हिस्सा बनाएंगे और उसी के आधार पर मामले का निपटारा करेंगे। पीठ ने कहा कि इस बारे में एक औपचारिक आदेश जारी करेगी। इस पर वरिष्ठ अधिवक्ता सिब्बल ने कहा कि दोनों ने आजादी अपना ली है। सब कुछ सुलझ गया है। अनुच्छेद-142 के तहत अर्जी दाखिल की गई है। अदालत अपने विशेष शक्ति का इस्तेमाल कर तलाक को मंजूर कर सकते हैं। इस पर जस्टिस नरसिम्हा ने जानना चाहा कि यह अर्जी रिकॉर्ड पर कब आई? वरिष्ठ अधिवक्ता सिब्बल ने जवाब दिया यह 22 जुलाई को दाखिल की गई थी। उन्होंने कहा कि बाकी सभी मामले वापस ले लिए जाएंगे। अर्जी में इसका ब्यौरा दिया गया है।सुप्रीम कोर्ट दो याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है, जिनमें उमर अब्दुल्ला की क्रूरता के आधार पर तलाक की मांग वाली याचिका भी शामिल थी। जुलाई 2024 में, पीठ ने हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला की याचिका पर अलग रह रही उनकी पत्नी पायल अब्दुल्ला से जवाब मांगा था। दिल्ली हाईकोर्ट ने 12 दिसंबर 2023 को परिवार अदालत के फैसले को बहाल रखते हुए उमर अब्दुल्ला की तलाक की मांग वाली याचिका खारिज कर दी थी। परिवार अदालत ने 2016 में उमर अब्दुल्ला तलाक की मांग वाली याचिका को खारिज करते हुए कहा था कि ‘वह ’क्रूरता’ या ‘छोड़ देने’ के अपने दावों को साबित नहीं कर पाए, जो तलाक की डिक्री मांगने के लिए उनके द्वारा बताए गए आधार थे। परिवार अदालत में तलाक के लिए दाखिल याचिका में उमर अब्दुल्ला ने फैमिली कोर्ट में दावा किया कि उनकी शादी पूरी तरह से टूट चुकी है और 2007 से उनके बीच कोई वैवाहिक संबंध नहीं रहा है।

Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।