बिजनेस संक्षेप : महंगे कच्चे तेल से वृद्धि दर घटेगी: एडीबी

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

पश्चिम एशिया संकट के चलते कच्चे तेल के दाम ऊंचे रहेंगे, जिससे भारत की जीडीपी वृद्धि दर 0.6 प्रतिशत घटकर 6.3 प्रतिशत रह जाएगी। एडीबी के मुख्य अर्थशास्त्री ने 2026 में औसतन 96 डॉलर प्रति बैरल का अनुमान जताया। निजी क्षेत्र का पूंजीगत व्यय 67 प्रतिशत बढ़कर 7.7 लाख करोड़ रुपये हो गया।

बिजनेस संक्षेप : महंगे कच्चे तेल से वृद्धि दर घटेगी: एडीबी

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट के लंबा खिंचने की आशंका के चलते कच्चे तेल के दाम अभी ऊंचे स्तर पर बने रहेंगे। एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के मुख्य अर्थशास्त्री अल्बर्ट पार्क ने कहा कि हमारा अनुमान है कि नए परिदृश्य में यह 2026 में औसतन 96 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर रहेगा। इसका असर भारत पर देखने को मिल सकता है और इससे देश की जीडीपी वृद्धि दर में 0.6 प्रतिशत की कमी आएगी, जिससे यह 6.3 प्रतिशत रह जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा इससे मौजूदा वित्त वर्ष में महंगाई भी काफी बढ़ जाएगी। निजी क्षेत्र का निवेश 67 प्रतिशत बढ़ा

निजी क्षेत्र का पूंजीगत व्यय

नई दिल्ली। उद्योग मंडल भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने रविवार को कहा कि सितंबर, 2025 में भारत के निजी क्षेत्र का पूंजीगत व्यय एक साल पहले के 4.6 लाख करोड़ रुपये से 67 प्रतिशत बढ़कर 7.7 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसके साथ ही सीआईआई ने पश्चिम एशिया संकट और उसके बाद की स्थितियों के मद्देनजर पांच सूत्रीय उद्योग कार्य एजेंडा पेश किया। इसमें पेट्रोल और डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में की गई कटौती को चरणबद्ध तरीके से वापस लेने का प्रस्ताव शामिल है। भारतीय उद्योग परिसंघ ने निजी निवेश में आए इस उछाल को देश के निवेश चक्र में एक शक्तिशाली और व्यापक सुधार का निर्णायक प्रमाण बताया है। उद्योग निकाय ने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती को कच्चे तेल की कीमतें स्थिर होने पर छह से नौ महीनों के दौरान धीरे-धीरे वापस लिया जाना चाहिए।

नाल्को का एल्युमिना निर्यात

पश्चिम एशिया को नाल्को का एल्युमिना निर्यात घटा

नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी नेशनल एल्युमीनियम कंपनी लि. (नाल्को) ने कहा है कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण क्षेत्र को होने वाला उसका एल्युमिना निर्यात प्रभावित हुआ है। कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कंपनी के नतीजों की घोषणा के बाद कहा कि नाल्को के कुल एल्युमिना निर्यात का करीब 40-50 प्रतिशत हिस्सा पश्चिम एशिया को जाता था, जो मौजूदा हालात से प्रभावित हुआ है। कंपनी के अनुसार, पश्चिम एशिया में आपूर्ति बाधित होने के कारण वैश्विक हाजिर एल्युमिना कीमत घटकर 305-310 डॉलर प्रति टन रह गई है। नाल्को ने 2025-26 में 23 लाख टन एल्युमिना का उत्पादन किया, जिसमें से 13.08 लाख टन का निर्यात किया गया।

फ्रांस की कंपनी के खिलाफ जांच

नई दिल्ली। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने फ्रांस की प्रमुख शराब कंपनी पर्नोड रिकर्ड और सात अन्य इकाइयों के खिलाफ भारतीय निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) बाजार में कथित गठजोड़ बनाने और प्रतिस्पर्धा-रोधी गतिविधियों के आरोपों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। जांच के दायरे में आई अन्य इकाइयों में इंडो स्पिरिट्स, पैथवे एचआर सॉल्यूशंस, यूनिवर्सल डिस्ट्रिब्यूटर्स, खाओ गली, बबली बेवरेजेज, शिव एसोसिएट्स और ऑगर्नोमिक्स इकोसिस्टम्स शामिल हैं। आयोग के अनुसार, पर्नोड रिकर्ड ने दिल्ली के आईएमएफएल बाजार में अधिक हिस्सेदारी हासिल करने और अपने ब्रांड को बढ़ावा देने के लिए खुदरा तथा थोक विक्रेताओं के साथ प्रतिबंधात्मक समझौते किए।

एयर इंडिया में कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त

नई दिल्ली। टाटा समूह की एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया ने पिछले तीन साल में नैतिकता संबंधी मुद्दों के उल्लंघन के मामलों में 1,000 से अधिक कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की हैं। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने कहा कि हर वर्ष सैकड़ों कर्मचारियों को नियमों के उल्लंघन के कारण हटाया जाता है। उन्होंने कर्मचारियों से सही आचरण बनाए रखने की अपील भी की। कंपनी ने मार्च में अपनी अवकाश यात्रा नीति के उपयोग में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं पकड़ी थीं, जिनमें 4,000 से अधिक कर्मचारी शामिल पाए गए। कंपनी ने दोषी कर्मचारियों पर जुर्माना लगाने समेत सुधारात्मक कदम उठाए हैं।

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की निकासी

नई दिल्ली। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) का भारतीय शेयर बाजार से निकासी का सिलसिला मई में भी जारी है। वैश्विक वृहद आर्थिक अनिश्चितता के बीच एफपीआई ने इस महीने अबतक भारतीय शेयर बाजार से शुद्ध रूप से 14,231 करोड़ रुपये निकाले हैं। एनएसडीएल के आंकड़ों के अनुसार, इसके साथ ही 2026 में एफपीआई की भारतीय शेयर बाजार में बिकवाली का आंकड़ा बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये के पार निकल गया है। पूरे 2025 के दौरान एफपीआई ने भारतीय बाजार से 1.66 लाख करोड़ रुपये निकाले थे। फरवरी को छोड़कर, 2026 के सभी महीनों में एफपीआई शुद्ध बिकवाल रहे हैं। जनवरी में उन्होंने 35,962 करोड़ रुपये निकाले थे। हालांकि, फरवरी में उन्होंने 22,615 करोड़ रुपये का निवेश किया था, जो 17 माह का सबसे ऊंचा स्तर है।

गुणवत्ता नियंत्रण आदेश पर व्यापारियों की मांग

नई दिल्ली। फास्टनर व्यापारियों ने रविवार को सरकार से इस उत्पाद पर लागू गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (क्यूसीओ) को वापस लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्यूसीओ से लागत बढ़ रही है, आपूर्ति में कमी आ रही है और देश में उत्पादन बाधित हो रहा है। व्यापारियों ने कहा कि फास्टनर का उत्पादन छोटी खेपों में लेकिन अधिक विविधता के साथ अक्सर एक ही मशीन पर किया जाता है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एमएसएमई (एफआईएसएमई) की केंद्रीय कार्यकारी समिति के सदस्य शौनक रुंगटा ने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाले स्क्रू, विशेष रूप से ड्राईवॉल और चिपबोर्ड स्क्रू, इस वक्त भारत में उपलब्ध नहीं हैं, जिससे कंपनियों के पास व्यवहार्य घरेलू विकल्प नहीं बचे हैं।

सीएमएस को ठेका

मुंबई। सीएमएस इन्फो सिस्टम्स को एचडीएफसी बैंक से करीब 400 करोड़ रुपये का ठेका मिला है। इसके तहत कंपनी अगले पांच साल तक बैंक के 6,000 एटीएम का प्रबंधन करेगी। कंपनी ने रविवार को बताया कि यह एकीकृत एटीएम प्रबंधित सेवा आउटसोर्सिंग अनुबंध है, जिसके अंतर्गत सीएमएस करेंसी फोरकास्टिंग, नकदी लॉजिस्टिक और कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित समाधान भी उपलब्ध कराएगी। इस सौदे से वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक निजी क्षेत्र के बैंकों से होने वाली आय का योगदान बढ़कर 30 प्रतिशत तक पहुंचने की उम्मीद है, जो वर्तमान में 25 प्रतिशत है। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष में आईसीआईसीआई बैंक के साथ अपनी साझेदारी का विस्तार किया था। इसके अलावा हाल ही में उसे भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से 1,000 करोड़ रुपये का अनुबंध भी मिला है।

सामान्य प्रश्न

पश्चिम एशिया संकट का भारत की जीडीपी पर क्या असर होगा?
इसके असर से देश की जीडीपी वृद्धि दर में 0.6 प्रतिशत की कमी आएगी, जिससे यह 6.3 प्रतिशत रह जाएगी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।