ओडिशा में जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियां शुरू
ओडिशा सरकार ने जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियां सात महीने पहले शुरू कर दी हैं। मुख्य सचिव अनु गर्ग ने अधिकारियों को पिछले वर्ष की गलतियों से सीखने और सुधारात्मक उपाय लागू करने का निर्देश दिया। रथ यात्रा में पिछले वर्ष भगदड़ से तीन लोगों की मौत हुई थी, इसलिए इस बार सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

भुवनेश्वर, एजेंसी। ओडिशा सरकार ने जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियां सात महीने पहले ही शुरू कर दी हैं। ताकि, इस विशाल उत्सव के लिए अच्छी व्यवस्था की जा सके। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। इससे पहले 2025 में रथ यात्रा के दौरान हुई भगदड़ में तीन लोगों की मौत हो गई थी। मुख्य सचिव अनु गर्ग ने मंगलवार शाम को तैयारी संबंधी बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों से पिछले साल की कमियों से सबक लेने और अगले त्योहार में उनसे बचने के लिए तैयारी करने को कहा। मुख्य सचिव ने मीडिया से कहा, मैंने सभी विभागों से पिछले वर्षों की रथ यात्रा में हुई गलतियों को पहचानने और सुधारात्मक उपाय लागू करने का आग्रह किया है।
इस भव्य आयोजन के लिए अभी सात महीने शेष हैं। इसलिए एक ऐसी योजना बनाई जा सकती है जिससे पूरा पर्व बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके। शीघ्र बैठक के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। हर विभाग को अभी से ही पुख्ता योजनाएं बनाना शुरू कर देना चाहिए। बैठक में डीजीपी वाईबी खुरानिया, अग्निशमन विभाग के महानिदेशक सुधांशु सारंगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) हेमंत शर्मा, श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाढी, पुरी के जिलाधिकारी दिब्यज्योति परीदा और पुरी के पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे। पिछले वर्ष रथ यात्रा में भगदड़ से तीन लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए। इसके अलावा, रथ खींचने में देरी से भी श्रद्धालुओं में असंतोष व्याप्त हो गया था। पिछले साल इस महोत्सव में लगभग 10 लाख लोगों ने भाग लिया था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



