एनएसई ने को-लोकेशन मामले को निपटाया
नई दिल्ली, एजेंसी। एनएसई ने शुक्रवार को को-लोकेशन और डार्क फाइबर मामलों का निपटारा 1,491.21 करोड़ रुपये में किया। सेबी को 714.74 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। यह मामला उच्च आवृत्ति व्यापार से संबंधित है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड ने पहले इस समझौते को मंजूरी दी थी।

नई दिल्ली, एजेंसी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) ने शुक्रवार को कहा कि उसने लंबे समय से लंबित को-लोकेशन और डार्क फाइबर मामलों को 1,491.21 करोड़ रुपये में निपटाने के लिए बाजार नियामक सेबी को 714.74 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है। एनएसई ने पहले ही 776.47 करोड़ रुपये जमा कराए थे। इसके साथ ही संशोधित निपटान शर्तों के तहत 1,491.21 करोड़ रुपये की निपटान राशि को चुका दिया गया है। यह मामला एनएसई परिसर में कारोबारियों को सर्वर लगाने की सुविधा (को-लोकेशन) मामले में 'हाई फ्रीक्वेंसी' कारोबार में कुछ इकाइयों को कथित रूप से आंकड़ा प्राप्त होने में तरजीह से जुड़ा है।
एक दिन पहले भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने एक्सचेंज के संशोधित निपटान प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दी थी, जिसके बाद यह भुगतान किया गया। यह निपटान ऐसे समय में हुआ है, जब देश का सबसे बड़ा शेयर बाजार अपने आईपीओ की तैयारी कर रहा है।


