
हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए मिलकर काम करें : डोभाल
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने वैश्विक सुरक्षा के चुनौतीपूर्ण माहौल के बीच हिंद महासागर क्षेत्र के देशों से समुद्री सुरक्षा और स्थिरता के लिए सहयोग की अपील की। नई दिल्ली में आयोजित कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन में उन्होंने समुद्री संसाधनों के संरक्षण पर जोर दिया और सीएससी के माध्यम से क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने वैश्विक सुरक्षा के माहौल को चुनौतीपूर्ण बताया। साथ ही हिंद महासागर क्षेत्र के देशों से समुद्री इलाके की सुरक्षा, संरक्षण और स्थिरता को सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करने की अपील की। डोभाल ने यह बातें नई दिल्ली में गुरुवार को आयोजित कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन (सीएससी) के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की सातवीं बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक सुरक्षा के माहौल और भू-राजनीतिक हालात के बीच सीएससी की अहमियत बढ़ गई है। डोभाल ने 2020 में हिंद महासागर में क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने के निर्णय को याद किया।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के देशों के बीच साझेदारी को मजबूत करने की बढ़ती अहमियत को समझते हुए हम 2020 में सीएससी की स्थापना के जरिये सहयोग और सुरक्षा के मसले पर एक साथ आए। दिसंबर 2023 में महाराष्ट्र में हुई छठी बैठक के बाद से हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे काम में तेजी आई है। उन्होंने सीएससी को संस्थागत बनाने के लिए उठाए गए कदमों पर प्रकाश डाला। साथ ही बताया कि इसमें सहयोग बढ़ाने के लिए पांच स्तंभ पर काम करना शामिल है। समुद्री संसाधनों के संरक्षण पर जोर डोभाल ने समुद्री संसाधनों के संरक्षण के दिशा में मिलकर काम करने पर जोर दिया। कहा कि हमें अपनी आम समुद्री विरासत के बचाव और इस्तेमाल के लिए भी मिलकर काम करना होगा। क्षेत्रीय सहयोग के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए डोभाल ने कहा हम सभी सीएससी देशों के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




