किम ने अधिकारियों को स्नाइपर राइफलें दी
- किम जोंग उन की बेटी भी निशाना साधते दिखीं सियोल, एजेंसी। उत्तर

- किम जोंग उन की बेटी भी निशाना साधते दिखीं सियोल, एजेंसी। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने सैन्य अधिकारियों को नई स्नाइपर राइफलें भेंट कीं। देश में सत्तारूढ़ पार्टी के अधिवेशन के समापन के बाद यह तस्वीर देखने को मिली। सरकारी समाचार एजेंसी ने शनिवार को बताया कि किम ने शुक्रवार को वरिष्ठ पार्टी और सैन्य अधिकारियों को ये राइफलें सौंपीं। इस दौरान जारी तस्वीरों में अधिकारियों को शूटिंग रेंज पर राइफल से निशाना लगाते देखा गया। किम की बेटी भी शूटिंग रेंज पर राइफल संभालते दिखाई दीं, जिससे उनके संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर उभरने की अटकलें फिर से तेज हो गई हैं।
अधिवेशन में किम की प्रभावशाली बहन किम यो जोंग को पदोन्नति मिली है। अब वह पार्टी की केंद्रीय समिति में जनरल अफेयर्स डायरेक्टर के रूप में कार्य करेंगी। यह पद उन्हें पार्टी के आंतरिक संचालन और प्रशासनिक मामलों में व्यापक भूमिका देता है। हाल के वर्षों में वह वॉशिंगटन और सियोल के प्रति सख्त रुख अपनाने वाली किम की प्रमुख प्रवक्ता रही हैं। बेटी की बढ़ती मौजूदगी विशेषज्ञों के मुताबिक किम की बेटी किम जू ए की मौजूदगी बढ़ती जा रही है। उनकी उम्र करीब 13 वर्ष बताई जाती है। पहली बार वह नवंबर, 2022 में लंबी दूरी की मिसाइल परीक्षण के दौरान सार्वजनिक रूप से दिखाई दी थीं। तब से वह सैन्य कार्यक्रमों, फैक्टरी उद्घाटन और सितंबर में बीजिंग यात्रा जैसे आयोजनों में अपने पिता के साथ नजर आ चुकी हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



