
नोएडा में सौ करोड़ से अधिक की जीएसटी चोरी में चार गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा में नोएडा एसटीएफ ने फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी चोरी का आरोप है। एसटीएफ ने आरोपियों के पास से लैपटॉप, मोबाइल, आधार कार्ड और नकद बरामद किया। गिरोह फर्जी दस्तावेजों से जीएसटी रिटर्न फाइलिंग करता था।
ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। नोएडा एसटीएफ ने शुक्रवार को फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। उन पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी चोरी करने का आरोप है। आरोपियों के पास से दो लैपटॉप, नौ मोबाइल, तीन आधार कार्ड और 55,840 रुपये बरामद हुए। एसटीएफ के डिप्टी एसपी प्रमेश कुमार शुक्ल ने बताया कि आरोपियों को सूरजपुर स्थित कार्यालय में पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान हरदीप सिंह उर्फ प्रिंस, जितेंद्र झा, पुनीत अग्रवाल और शिवम निवासी नई दिल्ली के रूप में हुई। यह गिरोह फर्जी दस्तावेज से फर्जी फर्मों का पंजीकरण कर उनके नाम से जाली सेल्स इनवाइस और ई-वे बिल जारी कर, इन्हें वास्तविक व्यापारिक फर्मों को इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के रूप में बेचता था।
संगठित फर्जीवाड़े से करोड़ों के जीएसटी राजस्व का नुकसान किया जा रहा था। एसटीएफ के मुताबिक गिरोह के सरगना हरदीप सिंह द्वारा नई दिल्ली में लेन-देन संबंधी काम किया जाता है। आरोपी जितेंद्र झा, पुनीत अग्रवाल, आलोक अग्रवाल और शिवम उसके साथ कार्य करते हैं। आरोपियों के मोबाइल में 50 से अधिक ई-मेल आईडी लॉगिन मिली। इन्हीं ई-मेल आईडी से बोगस फर्मों का पंजीकरण, जीएसटी रिटर्न फाइलिंग और बैंक लेन-देन के लिए वे ओटीपी हासिल करते थे। इनके पास विभिन्न फर्मों के बैंक खातों की लॉगिन आइडी और पासवर्ड तक पहुंच थी। इससे वे आसानी से ट्रांजेक्शन कर लेते थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




