तीन डॉक्टर और मौलवी की एनआईए रिमांड चार दिन बढ़ी

Dec 08, 2025 06:44 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

पटियाला हाउस अदालत ने लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए विस्फोट मामले में गिरफ्तार तीन डॉक्टरों और एक मौलवी की एनआईए रिमांड चार दिन के लिए बढ़ा दी। अदालत में सुनवाई के दौरान सुरक्षा कड़ी थी और मीडिया को कार्यवाही कवर करने की अनुमति नहीं दी गई। एनआईए ने मामले में कई गिरफ्तारियां की हैं।

तीन डॉक्टर और मौलवी की एनआईए रिमांड चार दिन बढ़ी

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। पटियाला हाउस अदालत ने सोमवार को लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए भीषण धमाके के मामले में गिरफ्तार तीन डॉक्टरों और एक मौलवी की एनआईए रिमांड चार दिन के लिए बढ़ा दी। आरोपी डॉ. मुजम्मिल गनई, डॉ. अदील राथर, डॉ. शाहीना सईद और मौलवी इरफान अहमद वागे को 10 दिन की रिमांड समाप्त होने पर सुबह सख्त सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। प्रिंसिपल एवं सत्र न्यायाधीश अंजू बजाज चांदना की अदालत में सुनवाई के दौरान मीडिया को कार्यवाही कवर करने की अनुमति नहीं दी गई। अदालत परिसर और उसके आसपास पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए थे ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोका जा सके।

जांच एजेंसी अब तक इस केस में सात गिरफ्तारियां कर चुकी है, जिनका संबंध जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा उजागर किए गए व्हाइट-कॉलर टेरर मॉड्यूल से बताया जा रहा है। एनआईए ने पहले ही स्पष्ट किया था कि एजेंसी आत्मघाती हमले से जुड़े विभिन्न तारों की जांच कर रही है और कई राज्यों में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी हैं। जांच का फोकस उन अन्य व्यक्तियों की पहचान पर है, जो इस हमले की साजिश, लॉजिस्टिक सपोर्ट या निष्पादन में शामिल थे। गौरतलब है कि विस्फोटकों से भरी आई20 कार कथित तौर पर डॉ. उमर उन नबी चला रहा था, जिसमें 10 नवंबर को लाल किले के बाहर धमाका हुआ था। इस घटना में 15 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसी सिलसिले में एनआईए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।