Delhi News: आनंद विहार पर दीपावली से पहले यात्री सुविधा शिविर तैयार होगा
Delhi News: दीपावली और छठ पर्व के दौरान आनंद विहार स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यात्री सुविधा शिविर बनाए जा रहे हैं। इस शिविर की क्षमता लगभग चार हजार यात्रियों की होगी। हाल ही में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बने स्थायी यात्री सुविधा शिविर के दिशा-निर्देशों के अनुसार आनंद विहार में भी तैयारी की जा रही है।

Delhi News: नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दीपावली और छठ पर्व के दौरान आनंद विहार स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए यात्री सुविधा शिविर बनाने का कार्य शुरू हो गया है। मेट्रो स्टेशन से रेलवे स्टेशन जाने के लिए बने एफओबी से नीचे उतरते ही यह यात्री सुविधा शिविर बनाया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का दावा है कि दीपावली से पूर्व इसे तैयार कर लिया जाएगा ताकि त्योहारों के दौरान यात्रियों को ट्रेन पकड़ने में आसानी रहे। इस यात्री सुविधा शिविर की क्षमता लगभग चार हजार यात्रियों की होगी।
यात्री सुविधा शिविर के निर्माण की आवश्यकता
गौरतलब है कि त्योहारों के समय नई दिल्ली और आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर टेंट में अस्थायी यात्री सुविधा शिविर बनाए जाते थे। प्रयागराज कुंभ के समय नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में लोगों की मौत होने पर मंत्रालय ने यहां स्थायी यात्री सुविधा शिविर बनाने के निर्देश दिए थे। इनका पालन करते हुए बीते वर्ष दीपावली से पूर्व नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधा शिविर तैयार किया गया था, जिसमें एक समय पर लगभग 6 हजार लोग रह सकते हैं। उनके लिए टिकट काउंटर से लेकर शौचालय एवं बैठने तक की व्यवस्था इस शिविर में की गई है।
खाने-पीने की व्यवस्था
अब आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर भी यात्री सुविधा शिविर को तैयार किया जा रहा है। एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी ने बताया कि आनंद विहार में बस अड्डा, मेट्रो स्टेशन, नमो भारत स्टेशन आदि होने के चलते यहां कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ऐसे में यहां जगह चिन्हित करने में कुछ समय लगा, लेकिन यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे एफओबी के पास ही रखा गया है। मेट्रो एवं नमो भारत से आने वाले यात्री एफओबी से नीचे आकर सीधे यात्री सुविधा शिविर में जा सकेंगे जहां उनके लिए बैठने, स्टॉल पर खाने-पीने, शौचालय आदि की व्यवस्था होगी। यहां से ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर लगने से कुछ समय पहले वह भीतर जा सकेंगे। इससे भीड़ नियंत्रित रहेगी और भगदड़ की आशंका खत्म हो जाएगी।
अनारक्षित टिकट काउंटर की व्यवस्था
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अक्तूबर माह तक इस यात्री सुविधा शिविर को पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा। इसके साथ ही अनारक्षित टिकट के काउंटर भी यहां स्थानांतरित किए जाएंगे ताकि यात्रियों को यहां पर ही टिकट मिल सके। इसके अलावा सुरक्षा जांच की व्यवस्था भी यहीं होगी जिसके बाद यात्री सीधे प्लेटफॉर्म पर जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि यहां अंदर एफओबी न होने के चलते हादसे की आशंका कम है, इसके बावजूद भीड़ नियंत्रित करने के लिए यह कदम आवश्यक है।


