चारधाम यात्रा के लिए टूरिस्ट वाहनों को मिल रही 15 दिनों की अनुमति

Mar 03, 2026 04:37 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

- पहले छह महीने की मिलती थी अनुमति - अवधि घटाए जाने पर टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर

चारधाम यात्रा के लिए टूरिस्ट वाहनों को मिल रही 15 दिनों की अनुमति

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। चारधाम की यात्रा के लिए गैर उत्तराखंड राज्य के टूरिस्ट वाहनों को अब महज 15 दिन की परमिशन दी जा रही है। यानी बाहरी टूरिस्ट वाहन को यह यात्रा महज 15 दिन में पूरी करनी होगी। अगर अवधि बीत गई तो दोबारा शुल्क जमा करके उत्तराखंड सरकार से अनुमति लेनी होगी। इसे लेकर दिल्ली के टूरिस्ट ट्रांसपोर्टरों में आक्रोश है। उन्होंने इस नियम में बदलाव किए जाने की मांग की है। ऐसा न होने पर उन्होंने दिल्ली में उत्तराखंड भवन पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है। दिल्ली टैक्सी एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सम्राट का कहना है की उत्तराखंड से बाहर के राज्यों की टैक्सी और बसों को सिर्फ 15 दिन का ग्रीन कार्ड/हिल फिटनेस मिल रही है, लेकिन उत्तराखंड की टैक्सी व बसों को एक बार में छह महीने के लिए ग्रीन कार्ड दिया जा रहा है।

इससे पहले ऑल इंडिया परमिट वाली सभी राज्यों की टैक्सी व बसों को 6 महीने की फिटनेस मिलती थी और इसके लिए 600 रुपये फीस ली जाती थी। अब प्रत्येक 15 दिन की अनुमति दी जा रही है और उसके लिए 600 रुपए शुल्क लिए जा रहे है। यानी महीने में दो बार अनुमति लेनी पड़ी तो 1200 रुपये शुल्क देना पड़ रहा है। मनमाना शुल्क वसूल रहे दिल्ली के टूरिस्ट वाहन चालकों और ट्रांसपोर्ट यूनियन का कहना है कि उत्तराखंड की लोकल ट्रांसपोर्टर्स यूनियन वहां के परिवहन विभाग के कर्मचारियों से मिलकर बाहरी राज्यों की गाड़ियों में से पर्यटकों को जबरदस्ती उतार लेते हैं। उन्हें अपने वाहनों से चार धाम यात्रा कराते हैं। परिवहन विभाग से मिलकर बाहरी राज्यों की टैक्सियों को जब्त कराकर भारी जुर्माना भी लगवा रहे हैं, ताकि वे चार धाम की यात्रा न कर सकें और उत्तराखंड के वाहन चालक मनमाना शुल्क वसूल सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।