नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के लिए छात्रों को परीक्षा शहर आवंटित
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने 21 जून को नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के लिए छात्रों को शहरों का आवंटन कर दिया है। भारत में 551 और विदेश में 14 नगरों में परीक्षा होगी। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट से शहर की पर्ची डाउनलोड कर सकेंगे। पेपर लीक के कारण पहले की परीक्षा रद्द कर दी गई थी।

नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने 21 जून को प्रस्तावित नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के लिए छात्रों को शहरों का आवंटन कर दिया है। ये वे शहर हैं, जहां परीक्षा आयोजित की जाएगी। भारत में 551 और विदेश में 14 नगरों में नीट-यूजी पुनर्परीक्षा होगी। एनटीए ने एक सार्वजनिक सूचना में यह जानकारी दी। बताया कि अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट से खुद को आवंटित किए गए शहर की पर्ची (स्लिप) डाउनलोड कर सकेंगे। एनटीए ने कहा है कि एजेंसी ने प्रयास किया है कि सभी छात्रों को उनके चयन के आधार पर पहली पसंद का शहर आवंटित किया जाए। बता दें कि नीट-यूजी परीक्षा तीन मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद इसे रद्द कर दिया गया था। अब पुनर्परीक्षा 21 जून को निर्धारित है。
परेशानी पर कॉल या मेल करें
एनटीए की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि पर्ची डाउनलोड करने में किसी तरह की परेशानी होने पर छात्र-अभिभावक एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 या 011-69227700 पर कॉल की जा सकती है। इसके अलावा ई-मेल आईडी : neetug2026@nta.ac.in पर मेल भी भेज सकते हैं।
प्रवेशपत्र बाद में जारी किया जाएगा
एनटीए ने जानकारी दी है कि छात्रों की सुविधा के लिए अभी सिर्फ शहर की जानकारी वाली पर्चियां जारी की गई हैं। स्पष्ट किया कि यह परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) नहीं है। यह पर्ची सिर्फ यह जानकारी देने के लिए है कि छात्र को कौन से शहर में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है, ताकि वे आवश्यक तैयारी पूरी कर लें। एजेंसी ने बताया कि एडमिट कार्ड बाद में जारी किए जाएंगे।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


