नीट पेपर लीक पर संसदीय समिति सख्त, एनटीए अध्यक्ष तलब

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर संसद की शिक्षा मामलों से जुड़ी समिति ने एनटीए के अध्यक्ष और उच्च शिक्षा सचिव को तलब किया है। समिति 21 मई को मामले की समीक्षा करेगी। इस दौरान पेपर लीक मामले के साथ-साथ परीक्षा प्रक्रिया में सुधार पर चर्चा की जाएगी।

नीट पेपर लीक पर संसदीय समिति सख्त, एनटीए अध्यक्ष तलब

नई दिल्ली, एजेंसी। नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर संसद की शिक्षा मामलों से जुड़ी समिति ने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के अध्यक्ष और उच्च शिक्षा सचिव को तलब किया है। समिति 21 मई को इस मामले की समीक्षा करने वाली है। एनटीए प्रमुख और उच्च शिक्षा सचिव समेत अधिकारियों को इस मामले की पूरी जानकारी समिति को उपलब्ध कराने को कहा गया है। सोमवार को राज्यसभा सचिवालय की ओर से जारी किए गए एक नोटिस में यह जानकारी दी गई। इसके अनुसार, कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता वाली शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल मामलों की संसदीय स्थायी समिति 21 मई को कथित पेपर लीक मामले की समीक्षा करेगी।

समिति एनटीए की परीक्षा प्रक्रिया पर चर्चा करेगी

इस दौरान एनटीए के ढांचे और परीक्षा प्रक्रिया में सुधार पर भी चर्चा की जाएगी। इसके लिए समिति ने शिक्षा मंत्रालय में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव विनीत जोशी और एनटीए के अध्यक्ष प्रदीप कुमार जोशी को तलब किया है। उन्हें समिति की समीक्षा बैठक में उपस्थित रहने और पेपर लीक मामले, राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों, परीक्षा प्रक्रिया में सुधार के तरीकों और पेपर लीक मामले में अब तक हुई जांच व कार्रवाई से जुड़ी अद्यतन जानकारियां देने को कहा गया है।

समिति इन मुद्दों पर भी करेगी चर्चा

समिति एआई के बढ़ते प्रभाव, छात्रों की रोजगार क्षमता बढ़ाने की रणनीतियों पर भी चर्चा करेगी। एक अलग सत्र में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग के अध्यक्ष के साथ संस्थानों से संबंधित मुद्दों पर पर भी चर्चा होगी। समिति महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ‘अनुदान मांगों 2025-26’ पर अपनी 365वीं रिपोर्ट में की गई सिफारिशों पर सरकार द्वारा की गई कार्रवाई से संबंधित अपनी 379वीं रिपोर्ट पर भी चर्चा करेगा। इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद के कामकाज की समीक्षा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत शिक्षक प्रशिक्षण पहलों पर 368वीं रिपोर्ट में की गई सिफारिशों पर की गई कार्रवाई से संबंधित अपनी 380वीं रिपोर्ट पर भी विचार करेगा।

सामान्य प्रश्न

नीट-यूजी पेपर लीक मामले की समीक्षा कब होगी?
समिति 21 मई को इस मामले की समीक्षा करने वाली है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।