टेलीग्राम पर फर्जी सूचनाएं फैलाने वालों पर सख्ती
नीट-यूजी 2026 पेपर लीक के मामले में केंद्र सरकार ने फर्जी सूचनाओं पर सख्ती दिखाई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बैठक में फर्जी पेपर लीक के दावों की चिंता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया कंपनियों से सहयोग की अपील की ताकि गलत सूचनाओं को रोका जा सके और छात्रों का भरोसा बनाए रखा जा सके।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले के बाद पुनर्परीक्षा तैयारियों की निगरानी कर रही केंद्र सरकार अब फर्जी सूचनाएं फैलाने वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सख्त है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें खासतौर पर टेलीग्राम और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिये फैलाए जा रहे फर्जी पेपर लीक दावों और भ्रामक सूचनाओं पर चिंता जताई गई। बैठक में शिक्षा मंत्रालय, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
सोशल मीडिया चैनलों की सक्रियता
अधिकारियों ने बताया कि कई सोशल मीडिया चैनल बड़े प्रतियोगी परीक्षाओं से पहले अचानक सक्रिय हो जाते हैं। फर्जी पेपर लीक, क्लिकबेट पोस्ट तथा अपुष्ट जानकारी फैलाकर छात्रों और अभिभावकों में डर और भ्रम पैदा करते हैं। प्रधान ने अधिकारियों को ऐसे चैनल के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फर्जी सूचनाएं फैलाने वाले चैनलों की पहचान कर उन्हें तुरंत ब्लॉक किया जाए और हटाया जाए। अधिकारियों के मुताबिक, कई संदिग्ध लिंक छात्रों को ऑटोमेटेड बॉट्स और फर्जी ग्रुप्स तक ले जाते हैं, जिनका उद्देश्य केवल अफवाहों को बढ़ावा देना होता है।
सोशल मीडिया कंपनियों से सहयोग की अपील
बैठक के समानांतर मेटा, गूगल और टेलीग्राम के प्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा हुई। इस दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी गलत सूचनाओं के तेजी से फैलने पर चिंता जताई गई। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को शिक्षा मंत्रालय, एनटीए और जांच एजेंसियों के साथ मिलकर काम करना चाहिए ताकि गलत सूचनाओं पर तुरंत रोक लगाई जा सके और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनी रहे।
छात्रों का भरोसा बनाए रखना
शिक्षा मंत्री ने दोहराया कि छात्रों को भ्रामक सूचनाओं से बचाना और परीक्षा प्रक्रिया में जनता का भरोसा कायम रखना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक में आगामी परीक्षाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई, ताकि संभावित कमजोरियों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


