खेल : नीरज सत्र की शुरुआत कब से करेंगे अभी यह तय नहीं
शोल्डर : स्टार भाला फेंक खिलाड़ी चोपड़ा पिछले साल लगी पीठ की चोट के रिहैबिलिटेशन
नई दिल्ली, एजेंसी। स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा पिछले साल सितंबर में विश्व चैंपियनशिप से ठीक पहले लगी पीठ की चोट के रिहैबिलिटेशन पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने अभी तक तय नहीं किया है कि सत्र कब और कहां से शुरू करना है। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने शनिवार को यह जानकारी दी। नीरज ने सितंबर टोक्यो में विश्व चैंपियनशिप में पीठ की चोट के साथ हिस्सा लिया था। वह 84.03 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ आठवें स्थान पर रहे जो पिछले साल मई में उनके सत्र और व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 90.23 मीटर के प्रयास से काफी कम था।
यह पूछने पर कि उनका सत्र का पहला संभावित टूर्नामेंट कौन सा होगा एएफआई के प्रवक्ता आदिल सुमरिवाला ने कहा, वह ब्रेक ले रहे हैं। वह अपनी चोटों से उबर रहे हैं। उन्हें दो चोटें लगी थीं। ध्यान रिहैबिलिटेशन पर है। मुझे लगता है कि सबसे अहम यही है ना कि पहला टूर्नामेंट कौन सा होगा। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, नीरज ने विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा लिया, उन्हें सलाम है। मैंने उनकी चोट, सूजन देखी है, फिर भी उन्होंने हिस्सा लिया। हमने उनसे कहा था, ऐसा मत करो। उन्होंने कहा 'नहीं सर, मैं कोशिश करूंगा। उन्होंने कभी ऐसा एक शब्द भी नहीं कहा कि मैं अपनी चोट की वजह से थ्रो नहीं कर पाया। चोपड़ा जैसा दूसरा नहीं : एएफआई के पूर्व अध्यक्ष ने चोपड़ा के रवैये की तारीफ करते हुए कहा, उनके जैसा कोई दूसरा नहीं है। मैंने ऐसे लोगों को देखा है जिन्होंने नीरज के प्रदर्शन का हजारवां हिस्सा भी नहीं किया है। वे इतनी बातें करते हैं कि उन्हें यह चाहिए, उन्हें वह चाहिए। लेकिन यह लड़का (नीरज) कुछ नहीं कहता। उन्हें सलाम है। हाल में चोपड़ा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपने गृह राज्य में दी गई शादी की 'रिसेप्शन' की तस्वीरें शेयर की थीं। उन्होंने 2025 की शुरुआत में एक निजी कार्यक्रम में पूर्व टेनिस खिलाड़ी हिमानी मोर से शादी की थी। -------- नंबर गेम - 90.23 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया था पिछले साल दोहा डायमंड लीग में - 84.03 मीटर के थ्रो के साथ विश्व चैंपियनशिप में आठवें स्थान पर रहे थे

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




