संशोधित--गोल मार्केट स्थित पालिका धाम कांप्लेक्स असुरक्षित घोषित
नई दिल्ली म्युनिसिपल कारपोरेशन (एनडीएमसी) ने पालिका धाम कॉम्प्लेक्स को असुरक्षित घोषित किया है। यहां 149 मकान जर्जर अवस्था में हैं। सभी निवासियों को 7 मार्च 2026 तक परिसर खाली करने का निर्देश दिया गया है। सरकार ने सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है और निवासियों को नए आवास के लिए पंजीकरण कराने को कहा है।

यहां कुल 149 मकान हैं जो जर्जर हो चुके हैं, एनडीएमसी पहले भी दे चुका है नोटिस नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता नई दिल्ली म्युनिसिपल कारपोरेशन (एनडीएमसी) ने पालिका धाम कॉम्प्लेक्स को असुरक्षित घोषित कर दिया है। परिषद के नगर पालिका आवास विभाग द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना में कहा गया है कि गोल मार्केट स्थित इस आवासीय परिसर की संरचना जर्जर हो चुकी है और इसे निवास के लिए असुरक्षित पाया गया है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सभी निवासियों को तत्काल प्रभाव से परिसर खाली करने की सलाह दी गई है। परिषद ने सभी आवंटियों से सहयोग की अपील करते हुए 7 मार्च 2026 तक भवन खाली करने को कहा है।
यह कदम सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। एक अधिकारी का कहना है कि यह कांप्लेक्स लगभग 50 साल पुराना है और जर्जर अवस्था में है। यह कभी भी गिर सकता है। इसमें कुल 149 कमरे हैं। लगभग 100 परिवार इस असुरक्षित क्षेत्र में रहते हैं। इनके निवास के लिए वैकल्पिक व्यवस्था का भी प्रावधान किया गया है। परिषद ने निवासियों को नए आवास के लिए पंजीकरण कराने और परिसर खाली करने को कहा है। इन निवासियों को पहले भी इसे खाली करने को कहा जा चुका है। कुछ लोगों का कहना है कि लोगों को यहां से स्थानांतरण के बजाय परिषद को लंबित मरम्मत कार्य शुरू करना चाहिए। एक निवासी का कहना है कि इमारतों का नियमित रखरखाव दशकों से नहीं किया गया। ये फ्लैट 1970 के दशक की शुरुआत में बने थे और राजधानी में इससे भी पुरानी इमारतों का बेहतर रखरखाव किया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


