
स्मार्ट सिंचाई प्रणाली से नई दिल्ली में बढ़ेगी हरियाली
नई दिल्ली नगर पालिका परिषद स्मार्ट सिंचाई प्रणाली अपनाने जा रहा है। पहले चरण में 11 सड़कों पर विशेष पाइप लाइन बिछाई जाएगी, जिससे पेड़ों की सिंचाई और धुलाई की जाएगी। इस प्रणाली से टैंकरों की जरूरत नहीं पड़ेगी। परियोजना मार्च से पहले शुरू होने की उम्मीद है और एक साल के भीतर पूरी होगी।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद अपने क्षेत्र में स्मार्ट सिंचाई प्रणाली अपनाने जा रहा है। परिषद द्वारा पहले चरण में 11 सड़कों पर विशेष पाइप लाइन बिछाने की योजना है, जिसमें शुद्धीकृत पानी की आपूर्ति करके पेड़ों की सिंचाई और उनकी धुलाई का काम किया जाएगा। एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि पहले चरण में 19 किलोमीटर से ज्यादा लंबाई वाली सड़क पर स्मार्ट सिंचाई सिस्टम प्रस्तावित है। इस विशेष सिंचाई प्रणाली के लिए अलग से जलापूर्ति लाइन बिछाई जाएगी। अभी इन सड़कों पर लगे पेड़ों की सिंचाई और पेड़ों की धुलाई के लिए टैंकरों का इस्तेमाल किया जाता है।
लेकिन, स्मार्ट प्रणाली के अपनाने से टैंकरों की जरूरत नहीं रहेगी। जलापूर्ति लाइन के जरिए ही यह काम हो सकेगा। पहले चरण में नेहरू पार्क के आसपास के क्षेत्र, पेशवा रोड, मंदिर मार्ग, आरके आश्रम मार्ग, भाई वीर सिंह मार्ग, शांति पथ, पंचशील मार्ग, अशोका रोड, सी-हेक्शागन, अरबिंदो मार्ग और अकबर रोड में इस सिंचाई प्रणाली को लागू किया जाएगा। इस परियोजना के लिए टेंडर आयोजित किए जा चुके हैं और मार्च से पहले कार्य आवंटन का प्रस्ताव है। जबकि, छह से एक साल के भीतर इस परियोजना को पूरा कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




