
व्हाट्सएप और जंगी ऐप से कर रहे थे ड्रग्स का कारोबार
एनसीबी ने एक मादक पदार्थ तस्कर शेन वारिस को गिरफ्तार किया है, जो व्हाट्सएप और जंगी ऐप के माध्यम से ड्रग्स का कारोबार करता था। गैंग का सरगना विदेश में है और पिछले साल की 82 किलो कोकीन की तस्करी में वांछित है। एनसीबी ने छतरपुर से 328.54 किलो ड्रग्स भी बरामद किया है।
नई दिल्ली प्रमुख संवाददाता एनसीबी द्वारा पकड़े गए मादक पदार्थ तस्कर व्हाट्सएप एवं जंगी ऐप के माध्यम से कारोबार कर रहे थे। इस गैंग का सरगना विदेश में बैठकर गैंग चला रहा है। यह वही शख्स है जो पिछले वर्ष एनसीबी द्वारा दिल्ली से पकड़ी गई 82 किलो कोकीन के मामले में वांछित चल रहा है। प्राथमिक पूछताछ में यह भी पता चला है कि पोर्टर के माध्यम से यह ड्रग्स एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाई जा रही थी। फिलहाल इस नेटवर्क को लेकर एनसीबी की टीम पूछताछ में जुटी हुई है। एनसीबी सूत्रों ने बताया कि उनके द्वारा मादक पदार्थ की तस्करी में गिरफ्तार किया गया शेन वारिस मूल रूप से अमरोहा के मंगरौली गांव का रहने वाला है।

वह नोएडा सेक्टर पांच स्थित हरोला इलाके में किराये के मकान में रहता था। शेन एक निजी कंपनी में मैनेजर है। उसने पुलिस को बताया कि उसे व्हाट्सएप एवं जंगी ऐप पर ड्रग्स से संबंधित निर्देश मिलते थे। फर्जी दस्तावेजों पर लिए गए सिम कार्ड का इस्तेमाल कर वह तस्करी में लिप्त था। इसके लिए उसे अच्छी रकम का भुगतान किया जाता था। इस जानकारी पर 20 नवंबर को उसे गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसी को शेन ने बताया कि ईस्थर नामक महिला उसे पोर्टर के माध्यम से ड्रग्स की खेप भिजवाती थी। उसने पुलिस को बताया कि वह महिला नागालैंड में रहती है और उसका गोदाम छतरपुर इलाके में है। इस जानकारी पर एनसीबी की टीम ने छतरपुर एंक्लेव स्थित मकान में छापा मारकर 328.54 किलो ड्रग्स बरामद की। इसके बाद एनसीबी की टीम ने 21 नवंबर को नागालैंड से महिला को गिरफ्तार किया। उसने एनसीबी टीम को बताया कि छतरपुर एंक्लेव में रखे ड्रग्स को वह ऑर्डर मिलने पर पोर्टर के माध्यम से भिजवाती थी। एनसीबी की टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लेकर आ गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




