
असम में मीडियाकर्मी पर हमले को लेकर जबाब तलब
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने असम में एक मीडियाकर्मी पर हुए हमले का स्वत: संज्ञान लिया है। यह हमला 7 सितंबर को रात में हुआ था, जब मीडियाकर्मी काम से लौट रहा था। आयोग ने असम पुलिस से जवाब तलब किया है और...
नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने असम में एक मीडियाकर्मी पर हमले का स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने हमले की खबरों का हवाला देते हुए असम पुलिस प्रमुख से जवाब तलब किया है। जारी बयान के अनुसार, यह घटना 7 सितंबर को आधी रात के आसपास हुई जब मीडियाकर्मी काम के बाद घर लौट रहा था। तभी लुमडिंग रेलवे इंस्टीट्यूट के पास असामाजिक तत्वों के एक समूह ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने उसे बचाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। नौ सितंबर को एक समाचार पोर्टल ने इस हमले की रिपोर्ट प्रकाशित की।

वहीं, पीड़ित मीडियाकर्मी ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। पीड़ित ने अधिकारियों से अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई का आग्रह किया है। आयोग ने शनिवार को कहा कि लुमडिंग प्रेस क्लब और स्थानीय नागरिकों ने कथित घटना की निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पत्रकारों के लिए बेहतर सुरक्षा की मांग की। आयोग ने बयान में कहा कि एनएचआरसी ने इस पूरे प्रकरण का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने पाया है कि अगर समाचार रिपोर्ट की सामग्री सही है, तो यह मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर मुद्दा उठाती है। इसलिए, आयोग ने असम के पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


