लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 208 अंक चढ़ा

Feb 10, 2026 06:45 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

मुंबई के शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी आई। बीएसई सेंसेक्स 208 अंक चढ़कर 84,273.92 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 68 अंक बढ़कर 25,935.15 पर रहा। अमेरिका-भारत व्यापार समझौते की उम्मीद और वैश्विक संकेतों के चलते बाजार में सकारात्मक माहौल बना रहा।

लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 208 अंक चढ़ा

मुंबई, एजेंसी। स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 208 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 68 अंक के लाभ में रहा। मजबूत वैश्विक संकेतों और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर बनी उम्मीद के बीच बाजार में तेजी जारी है। हालांकि, निवेशकों ने उच्चस्तर पर मुनाफावसूली भी की। सेंसेक्स 208.17 अंक चढ़कर 84,273.92 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, मानक सूचकांक 417.2 अंक तक चढ़कर 84,482.95 अंक के उच्चतम स्तर तक चला गया था। निफ्टी 67.85 अंक बढ़कर 25,935.15 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, मानक सूचकांक 122.15 अंक की तेजी के साथ 25,989.45 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में इटर्नल, टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावरग्रिड, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, मारुति सुजुकी इंडिया, एक्सिस बैंक, टाइटन और हिंदुस्तान यूनिलीवर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी ओर, नुकसान में रहने वाले शेयरों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स और आईटीसी शामिल हैं। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, 'अमेरिकी व्यापार समझौते और प्रमुख एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजारों में तेजी जारी रही। विदेशी संस्थागत निवेशकों के निवेश में तेजी और रुपये की मजबूती से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। हालांकि, विभिन्न क्षेत्रों में बीच-बीच में मुनाफावसूली देखने को मिली।' उन्होंने कहा कि शुल्क संबंधी चिंताओं के काफी हद तक दूर होने के साथ, निकट भविष्य में बाजार की दिशा कंपनियों के तीसरी तिमाही के नतीजों पर निर्भर करेगी, जो अब तक मिले-जुले रहे हैं और उम्मीदों से कम हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।