खेल : मुंबई के लिए आसान नहीं पंजाब को रोकना

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

शोल्डर : दोनों टीमें आज वानखेडे में टकराएंगी, लगातार तीन मुकाबले हारकर संकट में हैं

खेल : मुंबई के लिए आसान नहीं पंजाब को रोकना

मुंबई, एजेंसी। मुंबई इंडियंस के लिए मौजूदा आईपीएल में शुरुआत को छोड़कर कुछ भी अच्छा नहीं रहा। टीम ने 14 साल बाद अपना पहला मुकाबला जीतकर विजयी आगाज किया। उसके बाद हार्दिक की टीम लगातार तीन मुकाबले हारकर तालिका में नौवें स्थान पर खिसक गई है। गुरुवार को मुंबई को अपने घरेलू मैदान वानखेडे में अजेय रथ पर सवार पंजाब किंग्स को रोकना आसान नहीं होगा। पांच की चैंपियन को अपना अभियान पटरी पर लाने के लिए पूरी ताकत झोंकनी होगी। पंजाब एकमात्र टीम है जिसने अभी तक टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा है। उसके बल्लेबाज और गेंदबाज पूरी तरह से रंग में हैं।

मुंबई को अनुभवी ओपनर रोहित की भी कमी खलेगी जो पिछले मैच में हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे। उनका खेलना संदिग्ध है। मुंबई को अपनी उम्मीदें कायम रखनी है तो अब उसे हर हाल में जीत की राह पर लौटना होगा। एक और हार उसके लिए मुश्किलें पैदा करने वाली होगी।मुंबई का पावरप्ले में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। उसके ओपनर उसे धमाकेदार शुरुआत दिलाने में नाकाम रहे हैं। इससे मध्यक्रम पर दबाव बन रहा है। उसके मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा भी शामिल हैं, जिन्होंने काफी हद तक निराश किया है। भारत की टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार ने एक अर्धशतक जड़ा है लेकिन तिलक ने अब तक 20, 00, 14 और 01 रन ही बनाए हैं। टी-20 विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करने वाले इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स की अनुपलब्धता मुंबई के लिए एक और समस्या है। इसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ रहा है।साथ ही गेंदबाज भी पावरप्ले में प्रतिद्वंद्वी बल्लेबाजों पर नकेल कसने में नाकाम रहे हैं। मुंबई ने चार मैचों में पहले छह ओवरों के महत्वपूर्ण चरण में सिर्फ तीन विकेट लिए हैं। इसमें राजस्थान के खिलाफ बारिश से प्रभावित मैच भी शामिल है जिसमें पावरप्ले 3.2 ओवर का था। बुमराह रन रोकने में तो सफल रहे हैं, लेकिन यह स्टार भारतीय तेज गेंदबाज अब तक चार मैचों में विकेट नहीं ले पाया है। बोल्ट और हार्दिक जैसे अनुभवी गेंदबाजों की मौजूदगी के बावजूद मुंबई की गेंदबाज अभी तक प्रभावित नहीं कर पाए हैं। बेंगलुरु के खिलाफ मैच में मुंबई के गेंदबाजों ने लगातार ऐसी गेंदें फेंकीं जिन्हें बल्लेबाजों ने बाउंड्री के पार पहुंचाया, जबकि उसके बल्लेबाज पावरप्ले में दबाव नहीं बना सके। उसके दोनों स्पिनर मयंक मारकंडे और मिचेल सेंटनर को हर बार अपनी लेंथ से भटकने के कारण नुकसान उठाना पड़ा।पिछले सत्र की तरह श्रेयस की अगुवाई वाली पंजाब किंग्स ने एक बार फिर अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखा है और उसे हराना आसान नहीं होगा। पंजाब के बल्लेबाजों ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। इसका एक नमूना हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में देखने को मिला जिसमें उसने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 93 रन बनाए थे। प्रभसिमरन और प्रियांश की जोड़ी खतरनाक नजर आ रही है। श्रेयस के आत्मविश्वास और कोनोली के आने से उसकी टीम और भी मजबूत हो गई है। पंजाब की गेंदबाजी की बात करें तो उसके मुख्य गेंदबाज अर्शदीप अभी तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने अब तक खेले गए चार मैचों में 84 गेंदों पर 149 रन लुटाए हैं और केवल दो विकेट ही लिए हैं।-------------------प्रसारण : शाम 7:30 बजे सेस्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर--------------------आमने-सामनेकुल मैच : 34पंजाब जीता : 17मुंबई जीती : 17------------------नंबर गेम-2 मुकाबले पिछले साल दोनों ने खेले थे जिसमें पंजाब ने मुंबई को पटखनी दी थी-3 साल बाद वानखेडे में दोनों खेलेंगे, 2023 में पंजाब ने मुंबई को 13 रन से हराया था-17 रन दूर हैं हार्दिक मुंबई की ओर से लीग में दो हजार रन पूरे करने से। वह 1983 रन बना चुके हैं-----------------------

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।