केरल चुनाव से पहले मोदी ने एलडीएफ-यूडीएफ पर निशाना साधा

Jan 01, 2026 06:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल विधानसभा चुनाव से पहले एलडीएफ और यूडीएफ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन विकल्प के रूप में उभर रहा है। तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा की जीत ऐतिहासिक है और यह दर्शाता है कि केरल के लोग नए सूर्योदय के लिए तैयार हैं।

केरल चुनाव से पहले मोदी ने एलडीएफ-यूडीएफ पर निशाना साधा

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। केरल के विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में सत्तारूढ़ एलडीएफ व विपक्षी यूडीएफ पर निशाना साधते हुए कहा है कि भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) जनता के लिए एक ऐसे विकल्प के रूप में उभर रहा है, जो बहिष्कार रहित राष्ट्रवाद, भ्रष्टाचार रहित विकास और तुष्टीकरण रहित शासन की अवधारणा पर आधारित है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मित्र और केरल में प्रतिद्वंद्वी होने का एलडीएफ और यूडीएफ की नूरा-कुश्ती का खेल अब खत्म होने वाला है। केरल उनके अधूरे वादों से मुक्ति पाना चाहता है। केरल में पहली बार नगर निगम में जीत को लेकर तिरुवनंतपुरम नगर निगम में के महापौर वीवी राजेश को लिखे पत्र में प्रधानमंत्री ने कहा कि तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा की जीत ऐतिहासिक है।

महापौर और उपमहापौर जीएस आशानाथ के शपथ ग्रहण के साथ ही तिरुवनंतपुरम में इतिहास रच गया है। उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम में पार्टी की सफलता इस बात का संकेत है कि केरल के लोग, विशेषकर युवा और महिलाएं एक नए सूर्योदय के लिए तैयार हैं। मोदी ने कहा कि दशकों से एलडीएफ और यूडीएफ के प्रभुत्व वाले केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं को काफी मेहनत करनी पड़ी है और इन मोर्चों का खराब शासन रिकॉर्ड सबके सामने है। उन्होंने कहा कि इन गठबंधनों ने केरल की परंपराओं के विपरीत भ्रष्टाचार और हिंसा की संस्कृति को बढ़ावा दिया। इसके बावजूद, विपरीत परिस्थितियों और हिंसा के बीच भाजपा कार्यकर्ता दृढ़ता से डटे रहे। संघर्ष करने वाले पार्टी के कई नेता अब इस दुनिया में नहीं, लेकिन उनका आशीर्वाद हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि लोगों ने केंद्र में भाजपा नीत सरकार के कामकाज और विभिन्न राज्यों में शहरी विकास के लिए किए गए प्रयासों को देखा है, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने पार्टी को समर्थन दिया। हर मलयाली के दिल में तिरुवनंतपुरम प्रधानमंत्री ने तिरुवनंतपुरम के साथ अपने भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह शहर हर मलयाली के दिल में विशेष स्थान रखता है। यह श्री पद्मनाभस्वामी के आशीर्वाद से पवित्र है और केरल की राजधानी होने के साथ-साथ विचारकों, समाज सुधारकों, कलाकारों, कवियों, संगीतज्ञों और संतों की भूमि रही है। ऐसे महान शहर का भाजपा को आशीर्वाद देना विनम्र करने वाला अनुभव है। कामकाज बना जीत का जरिया प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा का विजन ‘विकसित तिरुवनंतपुरम' हर वर्ग तक पहुंचा है। लोगों ने केंद्र सरकार के कामकाज और दूसरे राज्यों में शहरी विकास को देखा है। यही जीत का जरिया बना है। यह जीत सिर्फ एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि एक ऐसा मील का पत्थर है जिसे सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दशकों तक कठिन परिस्थितियों में संघर्ष किया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;