तीसरे कार्यकाल में 5 लाख करोड़ की परियोजनाएं मंजूर : वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में अब तक लगभग 5 लाख करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें हवाईअड्डे, बंदरगाह, राजमार्ग और रेलवे शामिल हैं। हवाईअड्डा क्षेत्र में 7,339 करोड़ रुपये, जबकि राजमार्ग क्षेत्र में 1,97,644 करोड़ रुपये की परियोजनाएं मंजूर की गई हैं।
नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में अब तक करीब 5 लाख करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है। कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि ये परियोजनाएं हवाईअड्डों, बंदरगाहों, राजमार्गों और रेलवे से जुड़ी हैं। वैष्णव के अनुसार, हवाईअड्डा क्षेत्र में बागडोगरा, बिहटा, वाराणसी और कोटा में विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिन पर कुल 7,339 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बंदरगाह और जहाजरानी क्षेत्र में महाराष्ट्र के दहाणु के पास वधावन में एक बड़े बंदरगाह के निर्माण सहित शिपबिल्डिंग और समुद्री विकास सुधारों को मंजूरी दी गई है।
इस क्षेत्र में कुल निवेश 1,45,945 करोड़ रुपये का है, जिससे समुद्री क्षमता और लॉजिस्टिक्स दक्षता बढ़ेगी। वैष्णव के अनुसार, सबसे अधिक निवेश राजमार्ग क्षेत्र में हुआ है। इस क्षेत्र में 1,97,644 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। पटना-आरा-सासाराम कॉरिडोर, जीरकपुर बाइपास, शिलांग-सिलचर कॉरिडोर, जेएनपीटी तक छह लेन संपर्क और तमिलनाडु, ओडिशा, बिहार व असम में कई चार व छह लेन परियोजनाएं भी मंजूर की गई हैं। रेलवे क्षेत्र में 5,869 किलोमीटर लंबी 43 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिन पर 1,52,583 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनसे माल ढुलाई आसान होगी, भीड़ कम होगी और यात्री सेवाएं बेहतर होंगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




