ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति नहीं, संविधान का अपमान किया: मोदी

Mar 08, 2026 06:03 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अपमान को लेकर तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने न केवल राष्ट्रपति का बल्कि संविधान का भी अपमान किया है। मोदी ने कहा कि देश की जागरूक जनता इस अपमान को कभी माफ नहीं करेगी।

ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति नहीं, संविधान का अपमान किया: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कथित प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर रविवार को तृणमूल कांग्रेस सरकार पर अपना हमला और तेज किया। मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जागरूक जनता एक महिला आदिवासी नेता और देश की राष्ट्रपति का ‘अपमान’ करने के लिए पार्टी को कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति का नहीं, संविधान का अपमान किया है। प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर और अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में यह बात कही। मोदी ने कहा, ‘आज जब पूरा देश अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है, यह बेहद चिंताजनक है कि कल ही पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का घोर अपमान किया।’

मोदी की यह टिप्पणी राष्ट्रपति मुर्मु द्वारा शनिवार को पश्चिम बंगाल में आदिवासी समुदाय के सम्मेलन के स्थान में परिवर्तन और उनके दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और मंत्रियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करने के बाद आई है। इसके तुरंत बाद, ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति पर भाजपा की सलाह पर बोलने का आरोप लगाया। साथ ही मणिपुर और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में आदिवासियों के खिलाफ कथित अत्याचारों पर उनकी चुप्पी पर सवाल उठाया। भाजपा ने राष्ट्रपति का ‘अपमान’ करने के लिए तृणमूल सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे ‘शर्मनाक’ और अभूतपूर्व करार दिया तथा तृणमूल कांग्रेस पर सभी हदें पार करने का आरोप लगाया।रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के कारण न केवल आदिवासी समुदाय के कार्यक्रम में कुप्रबंधन देखने को मिला, बल्कि यह राष्ट्रपति, संविधान और देश में लोकतंत्र की महान परंपरा का भी अपमान है। उन्होंने कहा, राष्ट्रपति मुर्मु संथाल आदिवासी परंपरा के सम्मान में आयोजित एक महत्वपूर्ण समारोह में भाग लेने के लिए बंगाल गई थीं। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इस पवित्र और महत्वपूर्ण कार्यक्रम का बहिष्कार करना चुना, जिसका राष्ट्रपति और आदिवासी समुदाय दोनों के लिए बहुत महत्व है। मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति स्वयं आदिवासी पृष्ठभूमि से आती हैं। उन्होंने संथाल समुदाय के प्रति गहरी चिंता व्यक्त की है।प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जागरूक जनता तृणमूल कांग्रेस को एक महिला का अपमान करने, एक आदिवासी का अपमान करने और देश की माननीय राष्ट्रपति का अपमान करने के लिए कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा, न तो देश माफ करेगा, न ही देश का आदिवासी समाज कभी माफ करेगा, और न ही देश की महिला शक्ति कभी माफ करेगी। ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति नहीं, संविधान का अपमान किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।