Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsMixed Reactions to NMC s Decision to Revoke Approval of Shri Mata Vaishno Devi Institute
वैष्णो देवी मेडिकल कॉलेज पर एनएमसी का कदम सराहनीय : भाजपा

वैष्णो देवी मेडिकल कॉलेज पर एनएमसी का कदम सराहनीय : भाजपा

संक्षेप:

श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस की अनुमति वापस लेने के एनएमसी के निर्णय पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं आई हैं। भाजपा और संघर्ष समिति ने इसका स्वागत किया, जबकि नेकां और पीडीपी ने इसे क्षेत्र के लिए झटका बताया। मंत्री जावेद राणा ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि यह धर्म और क्षेत्र के आधार पर राजनीति का परिणाम है।

Jan 07, 2026 09:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

जम्मू/श्रीनगर, एजेंसी। न्यूनतम मानकों का पालन न करने के कारण श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस की अनुमति वापस लिए जाने के राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के फैसले पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। भाजपा और संघर्ष समिति ने बुधवार को इस कदम का स्वागत किया, जबकि नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने इसे क्षेत्र के लिए एक झटका करार दिया है। भाजपा समर्थित संघर्ष समिति पिछले साल नवंबर से जम्मू में आंदोलन का नेतृत्व कर रही है। यह समिति कॉलेज में हुए दाखिलों को रद्द करने की मांग करते हुए माता वैष्णो देवी में आस्था रखने वाले छात्रों के लिए विशेष रूप से सीटें आरक्षित करने की मांग भी कर रही है।

भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष सत शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, हम एनएमसी के चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड के निर्णय का स्वागत करते हैं। शर्मा ने कहा कि न्यूनतम मानकों का पालन न करने के आधार पर अनुमति वापस ले ली गई है। वहीं, संघर्ष समिति के संयोजक कर्नल (सेवानिवृत्त) सुखवीर सिंह मनकोटिया ने कहा कि हम अपना 45 दिनों का सफल आंदोलन समाप्त करते हैं, लेकिन हम श्राइन बोर्ड की गतिविधियों पर नजर रखना जारी रखेंगे। इधर, जम्मू-कश्मीर के जल शक्ति एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद राणा ने संवाददाताओं से कहा, यह फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है। लोग मंदिर-मस्जिद के नाम पर राजनीति करते रहे हैं, लेकिन आज हम धर्म और क्षेत्र के आधार पर बड़े संस्थानों में दाखिला पर भी राजनीति कर रहे हैं। नेकां के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि संवैधानिक निकाय दक्षिणपंथी दबाव में आ रहे हैं। भाजपा के सांप्रदायिक रुख के कारण जम्मू-कश्मीर एक और मेडिकल कॉलेज खोलने का सुनहरा अवसर खो बैठा। पीडीपी के विधायक वहीद पारा ने कहा कि इस घटनाक्रम से देश भर में अल्पसंख्यकों के खिलाफ बहुत ही नकारात्मक संदेश जाता है। पीडीपी के प्रवक्ता आदित्य गुप्ता ने दावा किया कि कॉलेज बंद होने के लिए भाजपा और नेशनल कॉन्फ्रेंस जिम्मेदार हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;