अमेरिका में लापता भारतीय छात्र का शव मिला
अमेरिका में लापता भारतीय स्नातकोत्तर छात्र साकेत श्रीनिवासैया की मौत की पुष्टि हुई है। वह कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में पढ़ाई कर रहे थे। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने शव की बरामदगी की जानकारी दी और परिवार को सभी आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया। साकेत आईआईटी मद्रास के पूर्व छात्र थे।

न्यूयॉर्क, एजेंसी। अमेरिका में सोमवार से लापता भारतीय स्नातकोत्तर छात्र मृत पाया गया है। भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी। 22 वर्षीय साकेत श्रीनिवासैया कर्नाटक के रहने वाले थे और कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में पढ़ाई कर रहे थे। सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने स्थानीय समयानुसार शनिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में छात्र के शव की बरामदगी की पुष्टि की। श्रीनिवासैया के प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए वाणिज्य दूतावास ने कहा कि दूतावास परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है जिसमें स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय और पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत ले जाने की व्यवस्था करना शामिल है।
दूतावास ने कहा कि वाणिज्य दूतावास के अधिकारी परिवार के साथ संपर्क में हैं और सभी आवश्यक औपचारिकताओं एवं सेवाओं में उनका सहयोग करेंगे। साकेत श्रीनिवासैया केमिकल एंड बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग विभाग में स्नातकोत्तर कर रहे थे। उन्होंने आईआईटी मद्रास से 2025 में बीटेक पूरा किया था। ‘बर्कले स्कैनर’ समाचार पोर्टल ने बताया था कि श्रीनिवासैया के बैग में उनका पासपोर्ट और लैपटॉप था जो पार्क हिल्स इलाके में एक दरवाजे पर मिला था। पुलिस ने लेक अंजा और टिल्डेन रीजनल पार्क के आसपास गहन तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद शव मिलने की पुष्टि की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


