ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नई दिल्लीखुले इलाकों में ज्यादा सता रहा डेंगू का डंक

खुले इलाकों में ज्यादा सता रहा डेंगू का डंक

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता दिल्ली में घनी आबादी में रहने वालों की तुलना में खुले इलाकों में रहने वालों को डेंगू-मलेरिया और चिकनगुनिया का डंक ज्यादा सता रहा है। चांदनीचौक और सदर जैसे घने हिस्सों की...

खुले इलाकों में ज्यादा सता रहा डेंगू का डंक
हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीSat, 16 Sep 2017 11:05 PM
ऐप पर पढ़ें

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता दिल्ली में घनी आबादी में रहने वालों की तुलना में खुले इलाकों में रहने वालों को डेंगू-मलेरिया और चिकनगुनिया का डंक ज्यादा सता रहा है। चांदनीचौक और सदर जैसे घने हिस्सों की तुलना में नजफगढ़ जैसे खुले क्षेत्रों से मच्छरजनित बीमारियों के मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं। इस सीजन में अभी तक 1730 लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। नगर निगम द्वारा हाल में जारी रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के चारों जोन, उत्तरी निगम के सिविल लाइंस जोन और पूर्वी निगम के शाहदरा दक्षिण जोन में डेंगू के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। जबकि, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के घनी आबादी वाले सिटी व सदरपहाड़ गंज जैसे जोन में मच्छरजनित बीमारियों के मामले अपेक्षाकृत कम हैं। उत्तरी व पूर्वी दिल्ली नगर निगम में निदेशक सूचना एवं प्रेस योगेन्द्र सिंह मान के मुताबिक खुले इलाकों में जमा होने वाले पानी, तापमान की अनुकूलता और निर्माण के समय पानी जमा करने में लापरवाही से मच्छर ज्यादा पनप रहे हैं। इन इलाकों से ज्यादा मामले : मुखर्जी नगर, बुराड़ी, इंद्रानगर, मालवीय नगर, ग्रीन पार्क, अंबेडकर नगर, ओखला, लाजपत नगर, जैतपुर, बदरपुर, तुगलकाबाद, छाला, हस्तसाल, विकासपुरी, सागरपुर, नजफगढ़। निर्माणाधीन इमारतों ने मुसीबतें बढ़ाईं : मच्छरों की मुसीबत के पीछे निर्माणाधीन इमारतें कम जिम्मेदार नहीं हैं। दरअसल, खुले और कम विकसित हिस्सों में निर्माण का काम बड़े पैमाने पर चल रहा है। अलग-अलग तरह के निर्माण के लिए पानी जमा किया जाता है। लापरवाही बरतने के चलते अक्सर लार्वा पैदा हो जाता है। डेढ़ लाख जगहों पर लार्वा मिला : दिल्ली में अबतक लगभग डेढ़ लाख जगहों पर लार्वा मिल चुका है। दक्षिणी निगम क्षेत्र में 67 हजार से ज्यादा जगहों पर लार्वा पाया गया। वहीं, उत्तरी निगम क्षेत्र में 52 हजार से ज्यादा और पूर्वी निगम क्षेत्र में 27 हजार से ज्यादा जगहों पर लार्वा पाया गया है। फॉगिंग के लिए हेल्पलाइन शुरू उत्तरी और दक्षिणी नगर निगमों ने फॉगिंग हेल्पलाइन की शुरुआत की है। यहां फोन करके मच्छररोधी दवाओं के छिड़काव के लिए बुलाया जा सकता है। मच्छरों के प्रजनन व डीबीसी कर्मचारी को बुलाने के लिए उत्तरी निगम में 18002008701 व 1800118700 पर फोन किया जा सकता है। वहीं, दक्षिणी निगम में 1800112260 व 01123220006 पर फोन किया जा सकता है। बीमारी की चपेट में आए : डेंगू - 1730 मलेरिया- 432 चिकनगुनिया- 611

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें