
असम : गुवाहाटी में 38 घंटे बाद भी भीषण आग बेकाबू
गुवाहाटी के एक व्यावसायिक परिसर में भीषण आग पर 38 घंटे बाद भी काबू नहीं पाया जा सका है। दो दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां और एनडीआरएफ की टीम आग बुझाने में जुटी हैं। आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और एक दमकलकर्मी को मामूली चोट आई है।
- दो दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां व एनडीआरएफ की टीम बुझाने में जुटी गुवाहाटी, एजेंसी। असम के गुवाहाटी में एक व्यावसायिक परिसर में लगी भीषण आग पर 38 घंटे बाद भी काबू नहीं पाया जा सका है। आग बुझाने के लिए दमकल की दो दर्जन से अधिक गाड़ियां जुटी हैं और भारतीय वायु सेना, सेना और गुवाहाटी रिफाइनरी से भी जल आपूर्ति के लिए गाड़ियां मंगाई गई हैं। साथ ही, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी अत्याधुनिक मशीनों के साथ बुलाया गया है। यहां पर मंगलवार देर रात शॉपिंग मॉल के गोदाम में आग लगी थी। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि छठी मंजिल पर अब भी आग की लपटें उठ रही हैं और दूसरी मंजिल से भी धुआं उठ रहा है।
हम काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं। आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन न होने के कारण दमकल की गाड़ियां पीछे तक नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे आग पर पूरी तरह काबू पाने में दिक्कत आ रही है। कामरूप महानगर जिला आयुक्त सुमित सत्तावन ने घटनास्थल का दौरा कर बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया कि इमारत को सभी सुरक्षा प्रमाणपत्र प्राप्त हैं। उन्होंने कहा कि परिसर मालिक ने बताया कि ऑडिट दो महीने पहले किया गया था। इसलिए, प्रथम दृष्टया इमारत में कोई समस्या नहीं दिखती। आग बुझाने के बाद अधिकारी अग्निशमन एवं पर्यावरण विभाग से अंतिम रिपोर्ट का इंतजार करेंगे। कमी मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। एक दमकलकर्मी को मामूली चोट आई है, जिसका गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में उपचार चल रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




