Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsMass Surrender of 210 Naxalites in Chhattisgarh Historic Moment with 112 Women and 98 Men
लाल आतंक के गढ़ बस्तर में 210 नक्सलियों का आत्मसमर्पण

लाल आतंक के गढ़ बस्तर में 210 नक्सलियों का आत्मसमर्पण

संक्षेप: - 153 हथियार सौंपे, अब तक का सबसे बड़ा आत्मसमर्पण अभियान - इससे

Fri, 17 Oct 2025 05:44 PMNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

- आत्मसमर्पण करने वालों में 112 महिलाएं और 98 पुरुष शामिल जगदलपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में लाल आतंक के गढ़ बस्तर जिले के जगदलपुर में शुक्रवार को 210 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। अधिकारियों ने कहा कि यह सामूहिक आत्मसमर्पण नक्सल विरोधी अभियानों के इतिहास में सबसे बड़ा है। इससे पहले, दो अक्तूबर को बस्तर क्षेत्र के बीजापुर जिले में 103 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था, जिनमें से 49 पर कुल 1.06 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम था। नक्सलियों के सरेंडर के दौरान बड़ी संख्या में वरिष्ठ पुलिस और अर्धसैनिक बलों के अधिकारी मौजूद रहे। नक्सलियों का आदिवासी समुदाय के नेताओं ने स्वागत किया और सभी को प्रतीक के तौर पर संविधान और लाल गुलाब भेंट किए।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों 112 महिलाएं और 98 पुरुष हैं। उन्होंने करीब 153 हथियार सौंपे। इसमें 19 एके-47 राइफलें, 17 सेल्फ-लोडिंग राइफल, 23 इंसास राइफलें, एक इंसास एलएमजी (लाइट मशीन गन), 36 प्वाइंट 303 राइफल, चार कार्बाइन और 11 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (बीजीएल) शामिल हैं। बंदूक नहीं, विश्वास की जीत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बीते दो दिन में 258 नक्सलियों का आत्मसमर्पण इसका प्रतीक है कि अब बंदूक नहीं, विश्वास की शक्ति जीत रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज नक्सलवाद के अंत की दहलीज पर है। उन्होंने कहा, गुमराह और समाज से कटे 210 भाई-बहन मुख्यधारा में वापस आ गए हैं। सभी को आर्थिक मदद मिलेगी। दक्षिणी बस्तर में ही लाल आतंक बचा अधिकारियों ने बताया कि इस आत्मसमर्पण से अबूझमाड़ का अधिकांश हिस्सा नक्सली प्रभाव से मुक्त हो जाएगा और उत्तरी बस्तर में लाल आतंक का अंत हो जाएगा। अब केवल दक्षिणी बस्तर में ही नक्सलियों का आतंक बचा है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली नेताओं में केंद्रीय समिति के सदस्य रूपेश उर्फ सतीश, दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (डीकेएसजेडसी) के चार सदस्य भास्कर उर्फ राजमन मंडावी, रनिता, राजू सलाम, धन्नू वेट्टी उर्फ संतू और एरिया कमेटी सदस्य रतन एलम शामिल हैं। जनवरी, 2024 से अब तक नक्सलियों की स्थिति :: सरेंडर - 2110 मारे गए - 477 गिरफ्तार - 1785